अपना दल के राष्ट्रीय पदाधिकारी पहुंचे मंडला, कुर्मी भवन में हुई बैठक -राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में संगठन विस्तार पर दिया गया जोर

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाईम्स- मंडला। अपना दल (सोनेलाल) के राष्ट्रीय पदाधिकारी मंडला जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात की तथा मंडला स्थित कुर्मी भवन में आयोजित बैठक में भाग लिया।

बैठक में अपना दल (सोनेलाल) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर अपना दल (सोनेलाल) के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी आरबी सिंह पटेल तथा प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी कहा कि चौरासिया समाज के पान व्यवसाय को कृषि से जोड़ने के प्रयासों से इस वर्ग को लाभ मिला है। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, पिछड़े, वंचित, शोषित एवं दबे-कुचले लोगों के अधिकारों और उनके उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समाज के वरिष्ठजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »