ना तुम जीते, ना हम हारे नेशनल लोक अदालत में 902 प्रकरणों का निराकरण

Revanchal
3 Min Read

6 करोड़ 27 लाख 54 हजार 325 रुपये से अधिक के अवॉर्ड पारित

रेवांचल टाइम्स छिन्दवाड़ा

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय प्रदान करने के उद्देश्य से आज 09 मई 2026 को वर्ष की दूसरी नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय छिंदवाड़ा सहित तहसील न्यायालय परासिया, चौरई, पांढुर्णा, सौंसर, जुन्नारदेव, अमरवाड़ा, हर्रई एवं तामिया में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा श्री सुशांत हुद्दार के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।


नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हुद्दार द्वारा अन्य न्यायाधीशगण, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।


नेशनल लोक अदालत में गठित 35 खंडपीठों द्वारा विभिन्न प्रकार के लंबित प्रकरणों का आपसी सुलह एवं सहमति के आधार पर निराकरण किया गया। मोटर दुर्घटना के 28 प्रकरणों में 1 करोड़ 86 लाख 16 हजार 006 रुपये, चेक बाउंस के 172 प्रकरणों में 2 करोड़ 99 लाख 08 हजार 308 रुपये, विद्युत अधिनियम के 20 प्रकरणों में 2 लाख 98 हजार 992 रुपये तथा अन्य सिविल प्रकृति के 36 प्रकरणों में 10 लाख 08 हजार 500 रुपये के अवॉर्ड पारित किए गए।


इसके अतिरिक्त अन्य प्रकृति के 46 प्रकरणों में 43 लाख 27 हजार 009 रुपये, राजीनामा योग्य दांडिक प्रकरण 101, पारिवारिक विवाद के 73 प्रकरण, यातायात चालान के 69 प्रकरण एवं उपभोक्ता विवाद के 4 प्रकरणों सहित कुल 555 लंबित प्रकरणों का निराकरण किया गया। इन सभी प्रकरणों में 5 करोड़ 59 लाख 13 हजार 406 रुपये से अधिक के अवॉर्ड पारित किए गए।

इसी प्रकार प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में बैंक बकाया वसूली के 12 प्रकरणों में 43 लाख 90 हजार 342 रुपये, नगर निगम एवं नगरपालिका जलकर के 132 प्रकरणों में 5 लाख 72 हजार 464 रुपये, विद्युत विभाग के 177 प्रकरणों में 15 लाख 11 हजार 991 रुपये तथा संपत्तिकर के 35 प्रकरणों में 3 लाख 66 हजार 122 रुपये के मामलों का निराकरण किया गया। इस प्रकार कुल 347 प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में आपसी राजीनामे के आधार पर 68 लाख 40 हजार 919 रुपये से अधिक के अवॉर्ड पारित किए गए।
नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा हुद्दार के द्वारा प्रातः 10:30 बजे दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश सुधीर मिश्रा सहित समस्त न्यायाधीशगण, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, अधिवक्ता संघ की कार्यकारिणी, न्यायालयीन कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा के सचिव/न्यायाधीश राकेश सिंह ने सफल आयोजन पर समस्त न्यायाधीशगण, अधिवक्ताओं, विभागीय अधिकारियों एवं पक्षकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »