सरही ग्राम में नवनिर्मित कैंटीन का हुआ उद्घाटन, ग्रामीणों और पर्यटन से जुड़े लोगों से अधिकारियों ने किया संवाद

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले कान्हा राष्ट्रीय उद्यान अंतर्गत सरही ग्राम में आज एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक(वन्य प्राणी) समिता राजोरा, क्षेत्र संचालक रविंद्र मणि त्रिपाठी , एसडीओ बफर क्षेत्र आशीष पांडे सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में नवनिर्मित कैंटीन का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर ग्रामवासियों, जिप्सी एसोसिएशन के सदस्यों, गाइडों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अधिकारियों ने सभी उपस्थित लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित एवं सकारात्मक समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

संवाद कार्यक्रम के दौरान पर्यटन गतिविधियों, स्थानीय रोजगार, वन संरक्षण तथा ग्रामीण सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि कान्हा राष्ट्रीय उद्यान केवल वन्यजीव संरक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय के विकास और सहभागिता का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

ग्रामीणों एवं पर्यटन से जुड़े लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों से प्रशासन और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है। ग्राम पंचायत की सरपंच पार्वती उईके, स्थानीय निवासी राजू यादव, दीपक यादव, लल्ला यादव , शोभित रावत सहित अन्य लोगों ने उपस्थित अधिकारियों से सार्थक संवाद किया ।

कार्यक्रम के अंत में ग्राम के वरिष्ठ नागरिक देवी प्रसाद यादव के द्वारा आभार प्रदर्शन करते हुए वन्य जीव संरक्षण और जंगल की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों और वन विभाग के बीच समन्वय और क्षेत्र के समुचित विकास का संदेश दिया गया इसके बाद सभी अतिथियों ने नवनिर्मित कैंटीन का अवलोकन किया तथा इसे पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी सुविधा बताया।


वही कार्यक्रम में ग्राम के नागरिक, जिप्सी संचालक, रिसॉर्ट संचालक, गाइड, वन विभाग के स्थानीय अधिकारी, कर्मचारी सहित कई पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे ।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »