खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस की कार्रवाई, अब सूचना देने वाले को मिल रही जान से मारने की धमकियां

Revanchal
2 Min Read

वायरल ऑडियो में साफ पुलिस पर नालकटने वाला लगा रहा आरोप…..

दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला। जिले के थाना बम्हनी अंतर्गत ग्राम बिछुआ में अवैध शराब बिक्री और जुआ फड़ संचालित होने संबंधी समाचार प्रकाशित होने के बाद पुलिस द्वारा क्षेत्र में छापामार कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।


वहीं दूसरी ओर, ग्रामीण सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों द्वारा एक व्यक्ति को फोन कर यह पूछताछ और धमकी दी जा रही है कि उसने ही उक्त गतिविधियों की जानकारी मीडिया एवं प्रशासन तक पहुंचाई है। बताया जाता है कि फोन पर हुई बातचीत की एक रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसमें कथित रूप से यह कहा जा रहा है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया तथा पुलिस के संबंध में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। हालांकि, रिकॉर्डिंग की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर ग्रामीणों में चर्चा का माहौल है और लोगों का कहना है कि अवैध गतिविधियों की शिकायत करने वालों की पहचान गोपनीय रखी जानी चाहिए तथा उन्हें किसी प्रकार की प्रताड़ना या धमकी का सामना नहीं करना पड़े।


वही ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए तथा यदि किसी व्यक्ति को धमकियां दी जा रही हैं तो उसकी भी जांच कर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएं।
वही पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों एवं वायरल रिकॉर्डिंग की सत्यता की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

👁️ 28 views Views
Share This Article
Translate »