31 मई से 2 जून तक विजय नगर में होगा तीन दिवसीय मेगा बिजनेस एक्सपो, देशभर की कंपनियां और खरीदार होंगे शामिल
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में पहली बार प्रिंटिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग इंडस्ट्री को एक नई पहचान देने के उद्देश्य से “प्रिंट पैक एक्सपो 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य तीन दिवसीय व्यापारिक एक्सपो 31 मई से 2 जून 2026 तक विजय नगर स्थित महाराजा अग्रसेन वार्ड के अग्रसेन कल्याण मंडपम में आयोजित होगा। आयोजन हंटिंग बास्केट रिटेल चेन लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जिसकी रूपरेखा डायरेक्टर संध्या बोरकर और अनुराग अग्रवाल के नेतृत्व में तैयार की गई है।
इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य महाकौशल क्षेत्र के उद्योगपतियों, व्यापारियों और स्टार्टअप उद्यमियों को आधुनिक प्रिंटिंग और पैकेजिंग तकनीकों से जोड़ना है, ताकि वे अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और बाजार में पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकें।
एक ही छत के नीचे जुटेंगे कई उद्योग क्षेत्र
प्रिंट पैक एक्सपो में प्रिंटिंग और पैकेजिंग इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े सेक्टर्स हिस्सा लेंगे। प्रदर्शनी में कॉरपोरेट गिफ्टिंग, गारमेंट पैकेजिंग, फार्मा एवं फूड पैकेजिंग, प्लास्टिक पैकेजिंग, फ्लैक्सिबल पैकेजिंग और आधुनिक लेबलिंग तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा अत्याधुनिक प्रिंटर, प्लॉटर, फोटोकॉपी मशीनें, ऑफिस स्टेशनरी और प्रमोशनल सामग्री भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
एक्सपो में ई-कॉमर्स बॉक्स, नालीदार शिपिंग बॉक्स, मिठाई एवं बेकरी पैकेजिंग, कॉस्मेटिक और ज्वेलरी पैकेजिंग जैसे उत्पादों की बड़ी रेंज देखने को मिलेगी। वहीं जूट बैग, पेपर बैग, नॉन-व्वेन और सूती कपड़ों से बने इको-फ्रेंडली बैग्स भी विशेष आकर्षण होंगे।
विज्ञापन और डिजिटल मार्केटिंग सेवाओं पर रहेगा फोकस
प्रदर्शनी में केवल पैकेजिंग ही नहीं, बल्कि ब्रांड प्रमोशन और डिजिटल विजिबिलिटी से जुड़े सेक्टर्स को भी प्रमुखता दी गई है। साइन बोर्ड, फ्लेक्स बैनर, शॉप ब्रांडिंग, आउटडोर विज्ञापन, रिटेल डिस्प्ले यूनिट्स और काउंटर डिस्प्ले स्टैंड्स की आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही ग्राफिक डिजाइनिंग, सोशल मीडिया क्रिएटिव्स, ब्रांडिंग और डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ भी अपनी सेवाएं प्रस्तुत करेंगे।
पूरी तरह वातानुकूलित रहेगा आयोजन स्थल
आयोजकों के अनुसार एक्सपो पूरी तरह वातानुकूलित हॉल में आयोजित किया जाएगा, ताकि गर्मी के मौसम में भी आगंतुकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुली रहेगी।
स्टॉल बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसमें सामान्य स्टॉल, प्रीमियम कॉर्नर स्टॉल और कस्टमाइज्ड स्पेस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शुरुआती बुकिंग करने वाले व्यवसायियों को बेहतर लोकेशन और प्राथमिकता का लाभ दिया जाएगा।
एक्सपो के प्रमुख आकर्षण
फूड एवं फार्मा पैकेजिंग सामग्री
फ्लैक्सिबल और वैक्यूम पैकेजिंग सॉल्यूशन
पीईटी जार, बारकोड और आरएफआईडी लेबलिंग
कॉरपोरेट गिफ्ट बॉक्स और लग्जरी रिजिड बॉक्स
श्रिंक फिल्म, बबल रैप और लॉजिस्टिक्स पैकेजिंग
इको-फ्रेंडली कैरी बैग्स और आधुनिक ब्रांडिंग समाधान
प्रिंट पैक एक्सपो 2026 को सेंट्रल इंडिया के व्यापार और उद्योग जगत के लिए एक बड़ा प्लेटफॉर्म माना जा रहा है, जहां नए व्यापारिक अवसरों के साथ आधुनिक तकनीकों और मार्केटिंग समाधानों का संगम देखने को मिलेगा।
