जनपद पंचायत रहली के सहायक लेखा अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति एवं भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, ईओडब्ल्यू जांच की मांग

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स सागर, जनपद पंचायत रहली में पदस्थ सहायक लेखा अधिकारी प्रदीप कुमार पाठक के विरुद्ध आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW), सागर के पुलिस अधीक्षक को एक विस्तृत शिकायत प्रस्तुत की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने शासकीय पद का दुरुपयोग करते हुए आय से अधिक चल एवं अचल संपत्ति अर्जित की है तथा पंचायत के कार्यों में गंभीर वित्तीय अनियमितताएँ की हैं।


शिकायत में आरोप है कि फर्जी वेंडरों के माध्यम से भुगतान कराकर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया तथा विभिन्न कार्यों में कमीशन लेकर लाखों रुपये की अनियमितताएँ की गईं। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि संबंधित अधिकारी एवं उनके परिजनों के नाम पर बड़ी मात्रा में कृषि भूमि एवं अन्य संपत्तियाँ दर्ज हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।


शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कलेक्टर सागर द्वारा पूर्व में जांच के निर्देश दिए गए थे तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया था। इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ से विस्तृत जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने ईओडब्ल्यू से अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारी की आय के स्रोत, बैंक खातों, चल-अचल संपत्तियों तथा पंचायत कार्यों में हुए वित्तीय लेन-देन की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। मुकेश श्रीवास संपादक रेवांचल टाइम्स जबलपुर

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »