बजाग स्थित कन्या परिसर में कलेक्टर ने छात्राओं के संग किया दोपहर का भोजन, स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद, रसोइयों को किया सम्मानित

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – जिले की कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को विकासखंड भ्रमण के दौरान शासकीय कन्या शिक्षा परिसर पहुंचकर छात्राओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ भोजन किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की रसोई में तैयार स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और भोजन की गुणवत्ता की सराहना की।
छात्राओं के साथ भोजन कर कलेक्टर ने आत्मीयता का संदेश दिया। भोजन में आदिवासी अंचल के पारंपरिक व्यंजन चकौड़ा भाजी, चेच भाजी, कुटकी का चावल और उड़द की दाल सहित विभिन्न प्रकार का भोजन परोसा गया , जिसे कलेक्टर सहित उपस्थित अधिकारियों ने बड़े चाव से खाया। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय खाद्य संस्कृति और पौष्टिक व्यंजनों की प्रशंसा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि ऐसे पारंपरिक भोजन स्वास्थ्यवर्धक होने के साथ-साथ स्थानीय कृषि और संस्कृति की पहचान भी हैं।


भोजन से संतुष्ट होकर कलेक्टर ने भोजन तैयार करने वाले रसोइयों की सराहना की। इस अवसर पर कलेक्टर और उपस्थित अधिकारियों ने राशि एकत्रित कर रसोइयों को 5,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की और उनके कार्य की प्रशंसा की।


परिसर में छात्राओं, अधिकारियों और कलेक्टर को एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन ग्रहण किया , जिससे विद्यालय में पारिवारिक और आत्मीय वातावरण देखने को मिला है।
इस अवसर पर परिसर के प्राचार्य बलवीर मरावी, अधीक्षिका अलका धुर्वे, एसडीएम अक्षय डिगरसे, एसडीएम रामबाबू देवांगन, जनपद सी ई ओ सचिन अग्रवाल ,बीआरसी ब्रजभान सिंह गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

👁️ 6 views Views
Share This Article
Translate »