दैनिक रेवांचल टाइम्स
डिंडोरी, बजाग ,11 जुलाई 2026। नीति आयोग, भारत सरकार के “आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम” के तहत प्रभारी अधिकारी एवं कलेक्टर डिंडोरी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को विकासखंड बजाग का सघन भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि और अधोसंरचना से जुड़ी योजनाओं का जमीनी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने भ्रमण की शुरुआत ग्राम सुनियामार से की। यहां उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, आधार कैंप और जनपद पंचायत ई-सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों ने पेंशन, विद्युत, आवास और पट्टा संबंधी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने RES और PHE के SDO को सुनियामार में सीसी रोड की जांच कर दो दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही 65 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र का अवलोकन कर कार्य में गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
इसके पश्चात कलेक्टर शासकीय प्राथमिक शाला बरगांव पहुंचीं। कक्षा में केवल 10 विद्यार्थी उपस्थित पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षिका को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रा राधिका का आधार कार्ड बनवाने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। आंगनबाड़ी केंद्र अतरिया में व्यवस्थाओं में खामियां पाए जाने पर कलेक्टर ने कार्यकर्ता और सुपरवाइजर को नोटिस जारी करने के साथ केंद्र में समस्त व्यवस्थाएं सुचारु करने के निर्देश दिए।
कन्या शिक्षा परिसर बजाग में कलेक्टर ने छात्राओं से सीधा संवाद किया। छात्राओं द्वारा वकील, डॉक्टर, पुलिस आदि बनने की इच्छा व्यक्त करने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और 10वीं-12वीं में अच्छे अंक लाने एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के टिप्स दिए। परिसर में छात्राओं के साथ दोपहर का भोजन कर उन्होंने वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग में OPD, जनरल वार्ड और दवा भंडार का निरीक्षण किया। कृषि विज्ञान केंद्र बजाग में मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का अवलोकन कर किसानों को समय पर मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भ्रमण के समापन पर जनपद पंचायत बजाग में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राचार्य, महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक, जन शिक्षक, कृषि विस्तार अधिकारी, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी सहित विकासखंड के सभी विभाग प्रमुख उपस्थित रहे। नीति आयोग के एबीएफ डॉ. विकास जैन द्वारा प्रस्तुतिकरण के माध्यम से आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के 38 इंडिकेटर्स की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और वित्तीय समावेशन के संकेतकों में प्रगति बढ़ाने तथा कमजोर क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग अक्षय डिगरसे, सहायक आयुक्त राजेंद्र जाटव, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडे, प्राचार्य बालवीर मरावी, बीआरसी ब्रजभान गौतम, सीईओ बजाग सचिन अग्रवाल, अभिषेक बंसल और एबीएफ हरीश विश्वकर्मा, डॉ विकास जैन एबीएफ नीति आयोग उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि आकांक्षी विकासखंड बजाग को आदर्श ब्लॉक बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय से कार्य करें और 38 इंडिकेटर्स में निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में प्राप्त करें।
