दूरस्थ अंचलों से पहुंचे ग्रामीण; अनुकंपा नियुक्ति, सीमांकन और ‘हर घर नल जल’ जैसी समस्याओं पर अधिकारियों को मिली समय-सीमा
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
राज्य शासन के मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष जनभावनाओं का केंद्र बना रहा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिले के शहरी, ग्रामीण और सुदूर अंचलों से आए 160 आवेदकों से सीधा संवाद कर उनकी बुनियादी व प्रशासनिक समस्याओं को सुना। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ तत्परता से निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए।
कलेक्टर नारायन ने कई गंभीर मामलों को सीधे ‘समय-सीमा बैठक’ की समीक्षा सूची में शामिल किया, ताकि उनकी प्रगति की निगरानी की जा सके। जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट आए बुजुर्गों और आम नागरिकों के बैठने के लिए विशेष रूप से पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
प्रमुख मामले जिन पर कलेक्टर ने दिखाई संवेदनशीलता
पिता के निधन के बाद अनुकंपा की आस ग्राम सोनपुर की वंशिका नरवाहे ने नगर पालिक निगम में कार्यरत अपने स्वर्गीय पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति दिलाने की गुहार लगाई, जिस पर कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया।
शिक्षा और विकास की मांग विकासखंड बिछुआ के ग्राम देवरी से आए साहबलाल कुमरे और समस्त ग्रामीणों ने शासकीय हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी में उन्नत करने और नए भवन निर्माण की मांग पुरजोर तरीके से रखी।
हर घर नल-जल और बुनियादी सुविधाएं ग्राम फुटेरा रैयत के ग्रामीणों ने गांव में पानी की टंकी निर्माण, तो छिंदवाड़ा नगर (वार्ड-41) के अखिलेश राय ने शहीद मेजर अमित ठेंगे वार्ड के सार्वजनिक कुएं के हैंडपंप को सुधरवाने की मांग की।
बाल आशीर्वाद योजना वार्ड नंबर-29 की श्रीमती ज्योति वर्मा ने योजना के तहत मिलने वाली रुकी हुई राशि दिलाने हेतु आवेदन सौंपा।
जमीन और सीमांकन विवाद ग्राम झोंतकला की श्रीमती रायवती एवं नरेश ने पट्टे की भूमि के अवैध सीमांकन पर रोक लगाने, तथा परासिया के अब्दुल अनीश ने वार्ड क्रमांक-01 में कॉलोनी विकास की अनुमति दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।
अधिकारी वीसी के माध्यम से सीधे जुड़े
इस दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एडीएम धीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहकर आवेदनों की समीक्षा कर रहे थे। वहीं, दूरदराज के विकासखंडों के सभी खंड स्तरीय ब्लॉक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जनसुनवाई से जुड़े रहे, जिससे मैदानी स्तर की समस्याओं पर तुरंत फीडबैक लिया जा सके l
कलेक्टर हरेंद्र नारायण का संदेश
जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक लाना है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनका समय-सीमा के भीतर न्यायोचित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
