महर्षि विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने रैली और नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया विश्व शांति का संदेश

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

स्थानीय नागपुर रोड स्थित महर्षि विद्या मंदिर के विद्यालय परिवार द्वारा शनिवार, 11 जुलाई 2026 को वैश्विक कल्याण और अमन-चैन के लिए एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। ‘महर्षि विश्व शांति आंदोलन’ की श्रृंखला के तहत आयोजित इस शांति मार्च में विद्यालय के बच्चों ने पूरे अनुशासन के साथ समाज को शांति, प्रेम और अहिंसा का संदेश दिया।

नारों की तख्तियों से दी समरसता की सीख
​यह रैली नागपुर रोड स्थित कामठी शोरूम से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्ग से होती हुई छत्रपति शिवाजी चौक पहुंची। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं अपने हाथों में शांति और एकता के संदेश लिख‌ित तख्तियां तख्तियां थामे हुए थे।
बच्चों के अनुशासित कदम और गूंजते नारे राहगीरों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे, जिसके जरिए उन्होंने समाज में आपसी एकता और समरसता पूर्ण जीवन जीने की पुरजोर अपील की।

नुक्कड़ नाटक से समझाया भावातीत ध्यान का महत्व
​छत्रपति शिवाजी चौक पर पहुंचकर विद्यालय के प्रतिभावान बच्चों ने एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। इस नाटक के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय को परम पूज्य महर्षि महेश योगी द्वारा प्रणीत ‘भावातीत ध्यान’ ट्रांससेंडेंटल मैडिटेशन और सिद्घि कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों ने अभिनय के जरिए बताया कि कैसे महर्षि के प्रयासों और गतिविधियों को अपनाकर हर व्यक्ति विश्व शांति की स्थापना में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

आज के दौर में शांति सबसे बड़ी जरूरत प्राचार्या
​इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सुश्री श्रद्धा श्याममोहन त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने समसामयिक संदर्भों का हवाला देते हुए कहा कि
​आज के अशांत और तनावपूर्ण माहौल में शांति और सद्भाव की जरूरत सबसे ज्यादा है। यदि हर व्यक्ति आंतरिक रूप से शांत होगा, तभी एक समृद्ध और शांतिपूर्ण समाज का निर्माण संभव है। हमारे बच्चे आज इसी संदेश के ध्वजवाहक बने हैं।
​इस पूरे आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्टाफ और गणमान्य नागरिकों की सराहनीय उपस्थिति रही। बच्चों के इस प्रयास की शहरवासियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »