बिलाईखार में एक साल में ही जर्जर हुई जल जीवन मिशन की टंकी, छज्जा टूटकर लटका, ग्रामीणों में आक्रोश

Revanchal
4 Min Read

आरोप :सरपंच सचिव ने दबाव बनाकर बंद करा दी सीएम हेल्पलाइन

घटिया निर्माण की खुली पोल, पाइप लाइन लीकेज ,बंद पड़ी नल-जल योजना,

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – ग्राम पंचायत बिलाईखार में जल जीवन मिशन के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) द्वारा निर्मित 20 हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकी एक वर्ष के भीतर ही जर्जर होने लगी है। टंकी के ऊपरी हिस्से में बना सुरक्षा रेलिंग युक्त छज्जा टूटकर लटक गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। टंकी की वर्तमान स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।


ग्रामीणों के अनुसार टंकी का निर्माण लगभग एक वर्ष पूर्व कराया गया था, लेकिन निर्माण के दौरान कंक्रीट की पर्याप्त तराई नहीं की गई। इसके कारण टंकी में शुरू से ही दरारें दिखाई देने लगी थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और ठेकेदार भी कार्य पूरा कर जल्दबाजी में चला गया। हाल ही में हुई बारिश के दौरान टंकी का छज्जा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया, जो अब भी ऊपर लटका हुआ है और नीचे गिरने की आशंका बनी हुई है।


पाइप लाइन जगह-जगह फूटी, घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी
ग्रामीण शुभम गंगवार, शिवराम पिटनिया, महेंद्र पाल, बालक दास और दया परस्ते ने बताया कि गांव के 13 वार्डों में नल-जल योजना के तहत बिछाई गई पाइप लाइन कई स्थानों पर फूटी हुई है। पाइप लाइनों से लगातार पानी रिसाव होने के कारण अधिकांश उपभोक्ताओं के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। कई घरों में आज तक कनेक्शन नहीं दिया गया, जबकि कुछ मोहल्लों तक पाइप लाइन ही नहीं पहुंची है।


ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत परीक्षण के लिए कुछ दिन पानी की सप्लाई शुरू की गई थी, जिससे करीब एक सप्ताह तक पानी मिला। इसके बाद से आज तक नल-जल योजना बंद पड़ी है। ऐसे में ग्रामीणों को आज भी दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं।
ढाई सौ कनेक्शन, लेकिन योजना का लाभ नहीं
गांव में लगभग 250 नल कनेक्शन बताए जा रहे हैं, लेकिन योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई जल जीवन मिशन की व्यवस्था कागजों तक सीमित नजर आ रही है। टंकी का हिस्सा टूटने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और वे इसकी मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की मांग कर रहे हैं।


शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्राम के युवा भूपेश पड़वार ने बताया कि इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन बाद में गांव के सरपंच और सचिव द्वारा दबाव बनाकर शिकायत बंद करा दी गई। उनका आरोप है कि शिकायत बंद होने के बावजूद समस्या का समाधान आज तक नहीं किया गया।


कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने मांग की है कि टंकी निर्माण और पाइप लाइन बिछाने के कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए टंकी का पुनर्निर्माण तथा नल-जल योजना को शीघ्र सुचारु किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

👁️ 154 views Views
Share This Article
Translate »