सिवनी में कुएं में मिला बाघ का शव, करंट से शिकार की पुष्टि

Revanchal
25
2 Min Read

वन विभाग ने शुरू की जांच, सूचना देने पर 10 हजार रुपये इनाम घोषित

विनोद दुबे जिला ब्यूरो

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी – जिले के ग्राम चारगांव में एक बाघ का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल 2026 को वन विभाग को सूचना मिली कि कृषक शब्दर खान के खेत में स्थित एक कुएं के अंदर एक वन्य प्राणी बाघ मृत अवस्था में पड़ा है। यह स्थल सिवनी परिक्षेत्र के ऐरपा वृत्त अंतर्गत ऐरपा बीट के कक्ष क्रमांक-08 से लगभग 6-7 किलोमीटर दूरी पर राजस्व क्षेत्र में स्थित है।

सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि बाघ का शिकार विद्युत करंट के माध्यम से किया गया और बाद में शव को कुएं में फेंक दिया गया।

घटनास्थल पर नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) के प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की गई। श्वान दल की मदद से आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई। मौके से करीब 50 मीटर दूरी पर जले हुए तार, खूँटी और अन्य विद्युत सामग्री जैसे महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

27 अप्रैल 2026 को NTCA के दिशा-निर्देशों के अनुसार बाघ के शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें विद्युत करंट से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत शव का अंतिम संस्कार किया गया।
वन संरक्षक सुश्री संध्या और वनमण्डलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह उईके के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग के दूरभाष नंबर 9424794105, 9424794109, 9685574902, 9669665669 पर सूचना दें। उपयोगी जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा और पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Share This Article
Translate »