प्रदेश में सबसे ज्यादा छिंदवाड़ा-पांढुर्णा की 418 टीमों ने करवाया रजिस्ट्रेशन
विद्यार्थियों को जानने को मिलेगी प्रदेश की समृद्धशाली विरासत
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
मध्यप्रदेश के समृद्धशाली इतिहास, परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विविधताओं, कला, प्राकृतिक संपदा और पर्यटन की असीम संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा ‘पर्यटन क्विज-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय क्विज स्पर्धा में भाग लेने के लिए छिंदवाड़ा-पांढुर्णा की 418 टीमों ने ऑनलाइन पंजीयन करवाया है, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक है।
पर्यटन क्विज़ के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। यह प्रतियोगिता 07 अगस्त दिन शुक्रवार को शहर के एक्सीलेंस स्कूल में होगी। सभी प्रतिभागियों से सुबह 8 बजे उत्कृष्ट विद्यालय पहुँचने की अपेक्षा है।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन व जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के लिए उचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। विद्यार्थियों में पर्यटन के माध्यम से सीखने की प्रवृत्ति को विकसित करने, मध्यप्रदेश पर्यटन की संभावनाओं से जुड़े ज्ञान का संचार करने के उद्देश्स से आयोजित हो रहे इस क्विज में कक्षा 9वीं से 12वीं के अध्ययनरत छात्र-छात्राएं सहभागिता करेंगे। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जिला प्रशासन, स्कूली शिक्षा विभाग और जिला पुरातत्व, पर्यटन व संस्कृति परिषद के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा-पांढुर्णा जिले के स्कूली विद्यार्थी शामिल होंगे।
दो चरणों में होगी प्रतियोगिता – जिला स्तर पर प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण की लिखित परीक्षा के आधार पर चयनित शीर्ष 06 टीमों के मध्य द्वितीय चरण में ‘ऑडियो- विजुअल/मल्टीमीडिया’ आधारित क्विज का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विद्यालयीन टीम राज्य स्तरीय क्विज में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
विजेता टीमों को मिलेगा पर्यटन भ्रमण का उपहार – मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों को पर्यटन के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक जिले की प्रथम तीन विजेता टीमों को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (एमपीएसटीडीसी) के होटलों में 2 रात्रि एवं 3 दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन प्रदान किया जाएगा। वहीं, अगली तीन उपविजेता टीमों को 1 रात्रि एवं 2 दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन दिया जाएगा। इन कूपनों के अंतर्गत विद्यार्थियों के आने-जाने, आवास, भोजन तथा स्थानीय भ्रमण का संपूर्ण व्यय मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हो सके।
