यूरिया-खाद चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: 48 घंटे में 4 आरोपी गिरफ्तार, 56,500 रुपये का मशरूका जब्त

Revanchal
4 Min Read

​देहात पुलिस की मुस्तैदी से सुलझी भैसादण्ड में हुई चोरी की गुत्थी
​चोरी का खाद खरीदने वाला भी बना आरोपी, वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

थाना देहात पुलिस ने भैसादण्ड स्थित एक खेत के मकान से यूरिया और NPK खाद की बोरियां चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन चोरों समेत चोरी का खाद खरीदने वाले एक खरीदार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई खाद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 56,500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
​ताला तोड़कर उड़ाई थी खाद की बोरियां
​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संजय पिता उमेन्द्र यदुवंशी (45) निवासी भैसादण्ड ने 8 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 और 7 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके खेत स्थित मकान का ताला तोड़कर 2 बोरी यूरिया और 5 बोरी NPK खाद पार कर दी है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 447/2026, धारा 331(4), 305(A) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस को मिली सफलता
​थाना प्रभारी देहात निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 10 अगस्त को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
​पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने योजना बनाकर 6 अगस्त की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच मकान का ताला तोड़ा और होंडा लीवो मोटरसाइकिल (MP 28 ND 8780) की मदद से खाद की बोरियां चुरा लीं।

​सस्ते दामों में बेची थी चोरी की खाद
​आरोपियों ने 7 अगस्त को चोरी की गई 4 बोरी NPK खाद अपने ही गांव के रामनाथ देवरे को मात्र 3,700 रुपये में बेच दी थी। पुलिस ने खाद खरीदने वाले रामनाथ देवरे को भी अपराध में संलिप्त पाते हुए आरोपी बनाया है। शेष बची खाद और पैसों का आरोपियों ने आपस में बंटवारा कर लिया था।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
​गिरफ्तार आरोपियों में से अरूण मर्सकोले के खिलाफ पूर्व में अवैध शराब परिवहन और आकाश भलावी के खिलाफ मारपीट का मामला देहात थाने में पहले से दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
​गिरफ्तार आरोपी:
​आकाश भलावी (36), निवासी झाड़ीढाना भैसादण्ड, छिंदवाड़ा।
​अंशुल मर्सकोले (22), निवासी झाड़ीढाना भैसादण्ड, छिंदवाड़ा।
​अरूण मर्सकोले (34), निवासी झाड़ीढाना भैसादण्ड, छिंदवाड़ा।
​रामनाथ देवरे (30 – खाद खरीदार), निवासी झाड़ीढाना भैसादण्ड, छिंदवाड़ा।

​जब्त किया गया मशरूका
​होंडा लीवो मोटरसाइकिल (MP 28 ND 8780) – कीमत ₹45,000
​यूरिया एवं NPK खाद की बोरियां – कीमत ₹11,500
​कुल जप्त मशरूका ₹56,500

​सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, सउनि. संदीप सिंह राजपूत, प्रआर. मंगल सिंह तेकाम, आर. सूरज सिंह चौहान, शेयरसिंह रघुवंशी, सौरभ सिंह बघेल, तरुण परतेती, उमेश उइके तथा साइबर सेल से प्रआर. नितिन एवं आर. आदित्य की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

👁️ 12 views Views
Share This Article
Translate »