बकरीद एवं ईद-उल-अजहा को लेकर पवई थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई संपन्न

Revanchal
3 Min Read

पवई थाना प्रभारी पवई सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में रखी गई बैठक

रेवांचल टाइम्स पवई पन्ना। पवई में आगामी बकरीद पर्व एवं ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ-साथ अन्य समाजों के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


बैठक के दौरान ईद-उल-अजहा पर्व की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा जानकारी दी गई कि नगर की दो मस्जिदों में ईद की नमाज सुबह लगभग 8:30 बजे एवं दूसरी नमाज 8:45 बजे अदा की जाएगी। नमाज के उपरांत लोग अपने-अपने घरों में कुर्बानी की रस्म अदा कर पर्व मनाएंगे।


थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार ने बैठक में मौजूद लोगों से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी केवल अपने-अपने घरों के अंदर ही करें। किसी भी स्थिति में खुले मैदान, सार्वजनिक स्थान या सड़क किनारे जानवरों की कुर्बानी न की जाए, ताकि आमजन की भावनाएं आहत न हों और किसी प्रकार की विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और शांति का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


इसके साथ ही थाना प्रभारी ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से यह भी आग्रह किया कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेष, गोश्त के टुकड़े या अन्य गंदगी को सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर न फेंका जाए। उन्हें उचित स्थान पर दफन किया जाए, जिससे साफ-सफाई बनी रहे और वातावरण दूषित न हो। उन्होंने कहा कि कई बार लापरवाही के कारण विवाद की स्थिति बन जाती है, इसलिए सभी लोग जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं।


बैठक में प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। सभी समुदायों के लोगों ने भी आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की बात कही।


बैठक में मुस्लिम समुदाय के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।


वाईट – पवई थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार

👁️ 5 views Views
Share This Article
Translate »