
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जिला बैडमिंटन संघ के तत्वाधान में स्थानीय ओलंपिक स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में आयोजित जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता रोमांचक मोड़ पर पहुँच गई है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन जहाँ छिंदवाड़ा और कोयलांचल के खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, वहीं अमरवाड़ा के शटलर्स ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया।
डीएफओ साहिल गर्ग ने दिए जीत के मंत्र
प्रतियोगिता के साथ-साथ ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का भी विधिवत शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि साहिल गर्ग डीएफओ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं को खेल कौशल में सुधार के विशेष टिप्स देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
खेल विभाग के डीएसओ के.के. चौरसिया ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की और बताया कि किस तरह उच्च स्तरीय प्रशिक्षक जिले की प्रतिभाओं को तराश रहे हैं।
मैदान का हाल 46 मुकाबलों में दिखा उत्साह
संघ के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बैस ने जानकारी दी कि मंगलवार (5 मई) को कुल 46 मैच खेले गए। प्रतियोगिता में 11 से 19 वर्ष तक के बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ी ‘भारतीय बैडमिंटन संघ’ के नियमों के तहत अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।
आज शाम सजेगी डबल्स की बिसात
सचिव जावेद खान ने बताया कि बुधवार 6 मई को शाम 4 बजे से डबल्स श्रेणी के कड़े मुकाबले शुरू होंगे।
आज प्रतियोगिता के तीसरे चक्र के मैच और डबल्स के सेमीफाइनल खेले जाएंगे। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए रिटायर्ड WCL अधिकारी मदन सिंह चंदेल, अमित सोनी, कैफ़ी गर्ग और मेघा मिगलानी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
निर्णायक मंडल में शामिल प्रमुख नाम
मैचों के सफल संचालन में विनय सिंह चंदेल, अतीकेश मेहता, रत्नेश दुबे, अंकुर खतरे, अथर्व गुप्ता, महिमा यादव, लक्ष्मी मार्को और पार्थ चौकसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
प्रतियोगिता की खास बात जिले भर के उभरते खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे छिंदवाड़ा में बैडमिंटन के प्रति बढ़ते क्रेज का पता चलता है।
