जनता की पुकार, कलेक्टर के द्वार जनसुनवाई में सुनीं 155 फरियादियों की समस्याएं

Revanchal
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

राज्य शासन के मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आयोजित साप्ताहिक ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में उम्मीदों का मेला लगा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिले के दूरस्थ अंचलों से आए 155 आवेदकों की समस्याओं को न केवल गंभीरता से सुना, बल्कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के कड़े निर्देश भी दिए।

इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण करने, बिजली पानी की समस्या आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।

कलेक्टर नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया।

जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम पिपरियाराजगुरू के वनकुमार लोधी एवं अनिल लोधी ने स्वामित्व एवं आधिपत्य की भूमि का नक्शा क्षेत्रफल के अनुसार दुरूस्त कराने, ग्राम पचगांव के ओमप्रकाश माहोरे ने शासकीय भूमि का पट्टा प्रदाय करने, ग्राम सटोटी के श्री सज्जेलाल यदुवंशी ने ग्रेविटी पाईप लाइन की पुलिया से कृषि भूमि की क्षति होने के कारण बड़ी पुलिया का निर्माण कराने, ग्राम मुत्तोर के मंजू ने मनरेगा योजना के अंतर्गत कुयें के निर्माण हेतु राशि दिलाने, ग्राम चारगांव भाट के रेवाराम डोलेकर ने शासन द्वारा भूमि अधिग्रहण का मुआवजा दिलाने, ग्राम खामीहिरा की श्रीमती बबीता साहू ने भूमि का सीमांकन कराने, ग्राम गुरैया के गामवासियों ने बिजली पानी की समस्या का निराकरण कराने, वार्ड नंबर-9 महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड लहगडुआ के अरविंद सिंह रघुवंशी ने आम रास्ते का अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण कराने तथा वार्ड क्रमांक-31 छिन्दवाड़ा के आवेदकगणों ने नजूल भूमि की लीज का नवीनीकरण कराने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एसडीएम सुधीर जैन एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।

👁️ 3 views Views
Share This Article
Translate »