रेवांचल टाइम्स मंडला। मध्य प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके के महाराजपुर स्थित ज्वालाजी वार्ड आगमन पर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मंत्री ने वार्ड में स्थापित लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उपस्थित नागरिकों से आत्मीय संवाद स्थापित किया।कार्यक्रम के दौरान मंत्री संपतिया उईके ने वार्डवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के समन्वय से विकास कार्यों को गति दी जा रही है।इस अवसर पर मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में देवी अहिल्या बाई होलकर नारी उत्थान समिति की महिलाओं ने मंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें देवी अहिल्याबाई होल्कर का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। समिति की महिलाओं ने क्षेत्र में महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने महिला समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उनके लिए आवश्यक संसाधन एवं सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
मंत्री के आगमन से उत्साहित वार्ड की महिलाओं और नागरिकों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उनके समक्ष रखा। वार्डवासियों ने बताया कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर के अनुपयुक्त स्थान पर स्थापित होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही लंबे समय से नाला निर्माण की समस्या भी बनी हुई है, जिससे बरसात के दिनों में जलभराव और आवागमन में कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं।
मंत्री संपतिया उईके ने दोनों समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि ट्रांसफार्मर के स्थान परिवर्तन और नाला निर्माण संबंधी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार कर समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, भाजपा नगर अध्यक्ष शिवा रानू राजपूत, पूर्व जिला मीडिया प्रभारी सुधीर कसार, पार्षद प्रतिभा साहू, भाजपा नगर सोशल मीडिया प्रभारी वेद प्रकाश दुबे (शानू), युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष अंकित ज्योतिषी, बूथ अध्यक्ष मुकेश नंदा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा धनगर समाज के वरिष्ठ समाजसेवी राधेलाल धनगर, जिला अध्यक्ष शैल कुमार धनगर, उपाध्यक्ष पुन्नूलाल धनगर, प्रमोद धनगर, नंद किशोर धनगर, भारत धनगर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। देवी अहिल्या बाई होलकर नारी उत्थान समिति की मालती धनगर, अनसूइया पाली, सुनीता धनगर एवं अन्य महिलाओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।वार्डवासियों ने मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखने और उनके समाधान का आश्वासन मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। लोगों ने उम्मीद जताई कि मंत्री के निर्देशों के बाद क्षेत्र की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और वार्ड में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
