यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले युवक को देहात थाना प्रभारी ने दी अनूठी समझाइश, चालान काटने के बाद युवक ने लिया नियमों के पालन का संकल्प।
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
देहात थाना क्षेत्र में उस समय एक दिलचस्प और सीख देने वाला नजारा देखने को मिला, जब सड़क पर ‘यमराज’ लिखी एक बुलेट फर्राटे भर रही थी। बुलेट पर लिखे इस शब्द पर जैसे ही देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत की नजर पड़ी, उन्होंने तुरंत युवक को रोक लिया। इसके बाद जो हुआ, वह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
थाना प्रभारी ने युवक को डपटने के बजाय एक बेहद संवेदनशील और विचारणीय समझाइश दी। उन्होंने युवक से कहा, यमराज तो हर साल लाखों युवाओं को बिना बुलाए ही अपने साथ ले जा रहे हैं। अपनी गाड़ियों पर ऐसा लिखकर यमराज को मत बुलाओ। परिवार, समाज और इस राष्ट्र को आप जैसे पढ़े-लिखे युवाओं की बहुत जरूरत है।
काटा गया चालान, युवक ने मांगी माफी
थाना प्रभारी राजपूत की इस बात का युवक पर गहरा असर पड़ा। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर युवक का चालान काटकर अर्थदंड वसूला। पुलिस की इस अनूठी और आत्मीय समझाइश के बाद युवक को भी अपनी गलती का अहसास हुआ।
युवक का वादा – युवक ने अपनी भूल स्वीकार करते हुए देहात थाना पुलिस से वादा किया कि वह भविष्य में ऐसी कोई गलती नहीं करेगा और हमेशा यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करेगा।
पुलिस की इस अनूठी पहल की स्थानीय लोगों द्वारा काफी सराहना की जा रही है, क्योंकि कानून का पाठ पढ़ाने के साथ-साथ पुलिस ने एक युवा को जीवन का महत्व भी समझाया।
