रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘श्री राम नवमी’ को लेकर छिंदवाड़ा शहर में भक्ति और उत्साह का सैलाब उमड़ने को तैयार है। हिंदू उत्सव समिति द्वारा आयोजित इस वर्ष की शोभायात्रा न केवल विशाल होगी, बल्कि मातृशक्ति के शौर्य और नेतृत्व की नई मिसाल भी पेश करेगी।
त्रेतायुग की आभा में रंगेगा शहर
समिति ने इस बार पूरे शहर को त्रेतायुग जैसा स्वरूप देने का संकल्प लिया है। मुख्य आकर्षण और व्यवस्थाएं कुछ इस प्रकार रहेंगी
भगवा सजावट- पूरे शहर को भगवा तोरण, पताकाओं और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जा रहा है।
हर घर ध्वज- लक्ष्य रखा गया है कि शहर के प्रत्येक घर की छत पर भगवा ध्वज लहराए।
रामायण प्रसंग- प्रमुख चौराहों पर रामायण काल के प्रसंगों पर आधारित भव्य होर्डिंग्स लगाए जाएंगे।
नारंगी परिधान और पगड़ी में दिखेगी मातृशक्ति
इस वर्ष की शोभायात्रा की सबसे बड़ी विशेषता महिलाओं का नेतृत्व है।
ड्रेस कोड: महिलाएं और युवतियां नारंगी (ऑरेंज) साड़ी या परिधान में शामिल होंगी।
विशेष साफा: समिति द्वारा सभी महिलाओं के लिए पगड़ी (साफा) की विशेष व्यवस्था की गई है, जो शोभायात्रा को अनुशासित और गौरवमयी स्वरूप प्रदान करेगी।
कार्यक्रम की रूपरेखा (27 मार्च, शुक्रवार)
कार्यक्रम समय स्थान
प्रारंभ (पदयात्रा) शाम 4:00 बजे श्री दादाजी धुनीवाले मंदिर (चार फाटक)
मार्ग भ्रमण शाम 4 से 7 बजे शहर के प्रमुख मुख्य मार्ग
समापन व महाआरती शाम 7:00 बजे दशहरा मैदान
विशेष आकर्षण: दशहरा मैदान में सुंदरकांड पाठ और प्रभु श्री राम की महाआरती होगी। सिंधु सेवा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए छाछ एवं चना प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
सुरक्षा और अनुशासन के कड़े नियम
हिंदू उत्सव समिति ने आयोजन की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं:
लोहे के पाइप में झंडा लगाना और लाउडस्पीकरों पर चढ़ना पूर्णतः प्रतिबंधित है।
केवल समिति द्वारा निर्धारित मर्यादित नारे ही लगाए जाएंगे।
व्यवस्था संभालने के लिए स्वयंसेवकों की एक विशाल टीम तैनात रहेगी।
अध्यक्ष शंटी बेदी ने लिया जायजा- अस्वस्थ होने के बावजूद समिति अध्यक्ष शंटी बेदी डिजिटल माध्यम से लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। बैठक में उपस्थित सभी रामभक्तों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
अपील: हिंदू उत्सव समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को सफल बनाएं और पुण्य लाभ अर्जित करें।
