शहडोल। कोयला उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाली मिनी रत्न कंपनी South Eastern Coalfields Limited (एसईसीएल) के अंतर्गत सुहागपुर एरिया ने वार्षिक उत्पादन लक्ष्य प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
महाप्रबंधक श्री पी.के. जेना के कुशल नेतृत्व में सुहागपुर क्षेत्र की सभी भूमिगत एवं खुली खदानों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर इस उपलब्धि को संभव बनाया। उप क्षेत्रीय प्रबंधकों, खान प्रबंधकों, ओवरमैन तथा मेहनतकश श्रमिकों के सामूहिक प्रयासों से यह सफलता हासिल हुई।
इसी कड़ी में, सुहागपुर एरिया की मेगा परियोजना मानी जाने वाली रामपुर ओपन कास्ट माइंस (बटूरा) ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 20 लाख टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य पूरा किया। इस उपलब्धि में खान प्रबंधक श्री अर्जुन जोड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।
उप क्षेत्रीय प्रबंधक श्री संदीप शर्मा (रामपुर) के मार्गदर्शन में श्री जोड़े ने अपनी टीम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए न केवल लक्ष्य हासिल किया, बल्कि एक नया रिकॉर्ड भी कायम किया। उनके नेतृत्व में कार्यरत वरिष्ठ ओवरमैन श्री राकेश गुप्ता और श्री आफताब आलम सहित पूरी टीम ने समर्पण और ईमानदारी से योगदान दिया।
सरल और सहज व्यक्तित्व के धनी अर्जुन जोड़े अपनी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उनकी अगुवाई में टीम ने कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है।
यह सफलता न केवल सुहागपुर एरिया के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे शहडोल क्षेत्र में औद्योगिक प्रगति का प्रतीक भी मानी जा रही है।
