शहडोल–पंडरिया स्टेट हाईवे पर शोल्डर खुदाई, काम की धीमी रफ्तार से हादसों का खतरा,

Revanchal
3 Min Read

बिना सुरक्षा के इंतजाम किए सड़क निर्माण कंपनी ने खोद दिए गड्ढे

न रिफ्लेक्टर,न बेरिगेटीग,

एक माह से अधूरा पड़ा कार्य

बजाग – शहडोल–पंडरिया राज्यमार्ग पर इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, लेकिन निर्माण एजेंसी की लापरवाही के चलते यह काम अब लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनता जा रहा है।

भानपुर से भूरसी के बीच करीब 4 किलोमीटर तक सड़क के किनारे साइड शोल्डर बनाने के लिए कई फीट गहरी खुदाई कर दी गई है, जिसे एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी समतल नहीं किया गया है। सड़क के एक ओर गहरी खुदाई कर छोड़ दी गई है, जबकि दूसरी ओर से वाहन आवागमन जारी है। यह खुदाई सड़क चौड़ीकरण और शोल्डर निर्माण साइड सपोर्ट और आपातकालीन रुकने की जगह बनाने के लिए की गई है, लेकिन अधूरा कार्य अब दुर्घटना को न्योता दे रहा है।


रात्रि के समय यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। सड़क किनारे लगाए गए मिट्टी से भरे सफेद बोरे संकेतक के रूप में रखे गए थे, लेकिन अधिकांश क्षतिग्रस्त हो चुके हैं या दूर-दूर रखे हैं, जिससे चालकों को खतरे का अंदाजा नहीं लग पाता। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को भारी वाहनों से साइड लेते समय संतुलन बिगड़ने का डर बना रहता है और कभी भी वे गड्ढे में गिर सकते हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है, जिससे क्षेत्र में असंतोष बढ़ रहा है। सड़क पहले ही संकरी हो चुकी है, ऊपर से किनारे गहरी खुदाई होने के कारण जब कोई वाहन मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़ा हो जाता है तो आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सामने से आने वाले भारी वाहनों के बीच फंसकर छोटे वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ता है।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर चल रहे कार्य को जल्द पूर्ण कराया जाए और जब तक कार्य पूरा नहीं होता, तब तक उचित सुरक्षा इंतजाम जैसे मजबूत संकेतक, रिफ्लेक्टर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »