विद्युत पोल पर कार्य के दौरान लाइनमैन करंट की चपेट में, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

Revanchal
2 Min Read


बजाग। विद्युत कार्य के दौरान एक लाइनमैन के करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बघरेली सानी निवासी आउटसोर्स कर्मचारी राजकुमार (लगभग 40 वर्ष), जो बजाग सबस्टेशन में कार्यरत है, रविवार दोपहर करीब 12 बजे तरच फीडर अंतर्गत रेशम केंद्र के पास स्थित डीपी विद्युत पोल पर परमिट लेकर कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक करंट का तेज झटका लगने से वह पोल से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना में लाइनमैन को कमर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और विभागीय कर्मचारियों की मदद से उसे तत्काल बजाग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


बताया जा रहा है कि जहां कार्य किया जा रहा था, उसके पास से ही क्रासिंग लाइन 33 केवी की लाइन गुजर रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि इंडक्शन करंट के प्रभाव से यह हादसा हुआ हो सकता है।

हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग (एमपीईबी) का अमला मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घायल लाइनमैन की एमएलसी भी कराई गई है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है। सूत्रों के माने तो विभागीय अधिकारियों ने घायल कर्मचारी को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »