भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा यात्री प्रतीक्षालय: घुघरी बस स्टैंड पर जनसुविधा पर कब्ज़े के गंभीर आरोप

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला (घुघरी)।
जनसुविधाओं की देखरेख की जिम्मेदारी निभाने वाली ग्राम पंचायत घुघरी अब खुद सवालों के घेरे में है। बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय परिसर में बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय पर कथित मिलीभगत से अतिक्रमण कर उसे निजी आवास में बदल देने के आरोप सामने आए हैं।


यात्री प्रतीक्षालय बना ‘निजी घर’
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय का उद्देश्य अब खत्म हो चुका है। आरोप है कि पंचायत की शह पर इस सार्वजनिक स्थल को रहने के लिए उपयोग किया जा रहा है, जिससे बस का इंतजार करने वाले यात्रियों खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और दूरदराज से आने वाले लोगों को भारी असुविधा हो रही है।


शौचालय टैंक पर भी अतिक्रमण
मामला यहीं नहीं थमा। सुलभ शौचालय के सेफ्टी टैंक के ऊपर कथित तौर पर एक ठेला खड़ा कर अवैध कब्जा कर लिया गया है। स्थानीय सूत्रों में यह चर्चा भी है कि प्रतीक्षालय को गुपचुप तरीके से ‘सौदेबाज़ी’ कर निजी उपयोग में दे दिया गया है—हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जनता में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग, बस स्टैंड जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की अव्यवस्था और अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बिना पंचायत की मिलीभगत के इस प्रकार का कब्ज़ा संभव नहीं।


जनअपेक्षा / मांगें
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि—
यात्री प्रतीक्षालय को तुरंत अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। सुलभ शौचालय परिसर के आसपास किए गए सभी अतिक्रमण हटाए जाएं।
मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।


यदि समय रहते इस मुद्दे पर कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सिर्फ एक प्रतीक्षालय का मामला नहीं रहेगा, बल्कि पूरे जिले में सार्वजनिक संपत्तियों पर हो रहे अतिक्रमण और भ्रष्टाचार की बड़ी तस्वीर सामने ला सकता है।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »