मंडला यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाईहेलमेट अनिवार्यता अभियान में 1811 चालान, ₹5.43 लाख समन शुल्क वसूला

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं राजेश रघुवंशी के निर्देशन में मंडला यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से विशेष हेलमेट अनिवार्यता अभियान चलाया गया।


दिनांक 25 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक चलाए गए इस अभियान के दौरान जिलेभर में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन चालानी कार्रवाई की गई। अभियान अवधि में कुल 1811 चालान बनाए गए तथा ₹5,43,300 समन शुल्क वसूला गया। वहीं गंभीर मामलों में 92 प्रकरण लाइसेंस निलंबन हेतु परिवहन विभाग को भेजे गए।


अभियान के दौरान मंडला यातायात पुलिस एवं जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर वाहन चालकों को हेलमेट उपयोग, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया।


पुलिस द्वारा केवल चालानी कार्रवाई तक अभियान सीमित नहीं रखा गया, बल्कि स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट नहीं पहनने से होने वाले गंभीर हादसों और जानलेवा जोखिमों की जानकारी भी दी गई।


पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।


यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को रोकने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

👁️ 4 views Views
Share This Article
Translate »