भीषण गर्मी बनी मौत का कारण, चलती बाइक से गिरकर महिला की दर्दनाक मौत

Revanchal
5
2 Min Read

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में भीषण गर्मी और लू का कहर अब जानलेवा साबित होने लगा है। शुक्रवार, 15 मई को अमानगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय नेहा आदिवासी की मौत हो गई। नेहा अपने पति राहुल के साथ मामा के घर से शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रही थी, तभी पाण्डवन के पास यह हादसा हो गया।

परिजनों के अनुसार, तेज गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण चलती बाइक पर नेहा को अचानक चक्कर आ गया। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर सिर के बल गिर पड़ी, जिससे उसे गंभीर चोट आई। परिजन तत्काल उसे अमानगंज स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पन्ना रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के ससुर कन्हैई आदिवासी ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक और सिर में गंभीर चोट लगने से नेहा की जान चली गई। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे परिवार में शोक की लहर फैल गई।

डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय अनावश्यक यात्रा से बचें, सिर ढंककर बाहर निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना भीषण गर्मी में लापरवाही के प्रति एक गंभीर चेतावनी मानी जा रही है।

Share This Article
Translate »