दैनिक रेवाँचल टाईम्स – पनागर। विकास और स्वच्छता के दावों के बीच पनागर के जगमोहन वार्ड से एक डराने वाली तस्वीर सामने आई है। यहाँ कृषि उपज मंडी के पास स्थित एक खुला चेंबर राहगीरों और क्षेत्रीय जनता के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। सड़क से बिल्कुल सटकर बना यह गहरा चेंबर आए दिन बड़ी दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है, लेकिन बार-बार की शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं।
हादसों का केंद्र बना वार्ड
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि चेंबर खुला होने के कारण यहाँ से गुजरना किसी खतरे से कम नहीं है। रात के अंधेरे में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। अब तक यहाँ दर्जनों बार मवेशी और आवारा जानवर लड़ते-लड़ते इस चेंबर में गिर चुके हैं। इतना ही नहीं, मुख्य मार्ग से सटे होने के कारण कई दोपहिया वाहन चालक भी अनियंत्रित होकर इसमें गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
प्रशासन की चुप्पी से बढ़ा आक्रोश
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन को इस गंभीर समस्या से अनेक बार अवगत कराया गया है, परंतु आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय जनों ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्या प्रशासन किसी बड़ी जनहानि या मौत का इंतजार कर रहा है? वार्ड वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द इस चेंबर को सुरक्षित तरीके से बंद नहीं किया गया, तो वे नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।
सरेराह खुले इस चेंबर ने अब स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है।
इनका कहना
सैकड़ों चैंबर हर महीने बन रहे है लेकिन कहां लग रहे पता ही नहीं, पार्षदों द्वारा अध्यक्ष सीएमओ को हमेशा अवगत कराया जाता है लेकिन ध्यान ही नहीं दिया जाता है
प्रमोद पटेल पार्षद
इनका कहना
जगह जगह खुले चैंबर है रोड बनने पर गहरे हो गए है,कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है अध्यक्ष सहित अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है
मुकेश वंशकार
पार्षद
इनका कहना
सर्वे करा लिया गया है अगले दो दिनों में हो जाएंगे
आशीष शर्मा मुख्य नगर पालिका अधिकारी पनागर
