संवेदनशील पुल-पुलियों पर बैरिकेटिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश
दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला
आगामी वर्षाकाल में संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। साथ ही निर्देशित किया गया कि बाढ़ के कारण संपर्क टूटने वाले गांवों की सूची 31 मई तक तैयार कर ली जाए तथा प्रत्येक गांव में स्थानीय तैराकों की पहचान कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।
कलेक्टर श्री धोटे ने जिले में संचालित सभी नाव एवं डोंगियों का अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाव-डोंगी संचालकों का एक समर्पित व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाए, जिसके माध्यम से मौसम विभाग से प्राप्त अलर्ट एवं महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल साझा की जा सकें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
बैठक में वर्षाकाल के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए विद्युत विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में इमरजेंसी दवाइयों, आवश्यक उपकरणों और मेडिकल स्टाफ की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर श्री धोटे ने संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न भंडारण की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए पशुओं के लिए चारा, दवाइयों एवं उपचार की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने को कहा। पशुहानि की स्थिति में आर्थिक सहायता से संबंधित प्रकरण समय पर तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने वर्षाकाल में जलभराव और तेज बहाव वाले संवेदनशील पुल-पुलियों एवं मार्गों की पहचान कर वहां चेतावनी बोर्ड, संकेतक और बैरिकेटिंग लगाने के निर्देश दिए, ताकि जनहानि जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना एवं समन्वय के लिए जिले में 24×7 जिला स्तरीय कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा, जिसके माध्यम से समय-समय पर मौसम एवं आपदा संबंधी अलर्ट जारी किए जाएंगे।
जिला योजना भवन में आयोजित इस बैठक में अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर शैलेंद्र चौधरी, डिप्टी कलेक्टर क्षमा सराफ, संस्कार बावरिया, एसडीएम मंडला सोनल सिडाम, एसएलआर हीरालाल तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विकासखंड अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल
