शादी में जा रहे परिवार को रेत से भरे ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, युवक की मौत, तीन गंभीर

Revanchal
2 Min Read

अमानगंज। पन्ना-अमानगंज मुख्य मार्ग पर बराछ मोड़ के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।

जानकारी के अनुसार सतना जिले के गौहानी निवासी कैलाश सिंह (20), हसीना, तीरथ सिंह और फूला सिंह मोटरसाइकिल से अमानगंज क्षेत्र के कटहरी बिलहटा गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बराछ मोड़ के पास रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कैलाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में घायल हसीना, तीरथ सिंह और फूला सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार रेत परिवहन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »