रेवांचल टाइम्स मंडला – कलेक्टर मंडला राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में एवं प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शैली सैयाम के मार्गदर्शन में मण्डला शहर के नर्मदा किनारे क्षेत्र में तलाशी ली गई, जिसमें 25 नग गोवा रम, 15 नग देशी मदिरा प्लेन तथा 2 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद कर जप्त की गई।
अवैध रूप से मदिरा विक्रय करने वाले आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। जप्त मदिरा की कुल अनुमानित कीमत 6 हजार 450 रुपये बताई गई है। उक्त कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, दुर्जन सिंह कुलेश, विजय कमलेश, सत्यपाल मरावी एवं श्रीमती शकुंतला सैयाम उपस्थित रहे।
वही घुघरी शराब दुकान की शिकायत पर आबकारी विभाग की जांच, पंचनामा कार्रवाई संपन्न
देशी/अंग्रेजी कम्पोजिट शराब दुकान घुघरी की शिकायत की जांच की गई। कार्रवाई आबकारी इंस्पेक्टर एवं आबकारी बल की उपस्थिति में संपन्न हुई। जांच के दौरान संबंधित शराब दुकान का निरीक्षण कर शिकायत के विभिन्न बिंदुओं का परीक्षण किया गया। मौके पर आवश्यक दस्तावेजों एवं व्यवस्थाओं की जांच करते हुए नियमानुसार पंचनामा कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग द्वारा बताया गया कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विभाग द्वारा अवैध गतिविधियों एवं अनियमितताओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
