थैलेसीमिया, सिकल सेल और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश, हजारों कदमों ने दिखाई सामाजिक जिम्मेदारी

Revanchal
2 Min Read

जबलपुर। शहर में रविवार को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला, जब थैलेसीमिया जन जागरण समिति, नगर निगम जबलपुर, स्क्रीन ऑन एवं श्री इवेंट्स के संयुक्त तत्वावधान में मैराथन एवं वॉकथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य थैलेसीमिया और सिकल सेल जैसी गंभीर आनुवंशिक बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू” ने कहा कि थैलेसीमिया, सिकल सेल और स्वच्छता जैसे विषय केवल किसी एक वर्ग की जिम्मेदारी नहीं हैं, बल्कि समाज के हर नागरिक को इनके प्रति जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही इन बीमारियों की रोकथाम और स्वच्छ शहर निर्माण की सबसे बड़ी कुंजी है।

मैराथन और वॉकथॉन में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, एनसीसी कैडेट्स तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों सहित एक हजार से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का संदेश दिया तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महिला एवं पुरुष वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 5,100 रुपये तथा तृतीय स्थान पर 2,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। साथ ही मोमेंटो, प्रमाण-पत्र और मेडल भी वितरित किए गए। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता मेडल प्रदान किए गए। आयोजन के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नियमित रक्तदान, समय पर जांच और जनजागरूकता को थैलेसीमिया एवं सिकल सेल जैसी बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। आयोजन में समिति के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

👁️ 3 views Views
Share This Article
Translate »