पति ने ही पत्नी की रिपोर्ट को बताया झूठा, पुलिस मामले की जांच में जुटी
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
परासिया के डोंगरचिखली में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस और स्थानीय जनता दोनों को हैरत में डाल दिया है। एक महिला ने अपने ही जेठ (पति के बड़े भाई) पर अपनी लगभग 18 माह की दुधमुंही बच्ची के साथ दुराचार करने का संगीन आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। हालांकि, इस मामले में मोड़ तब आया जब महिला के पति ने ही पुलिस के सामने अपनी पत्नी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। बताया जाता है कि वहीं, शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में भी दुराचार की पुष्टि नहीं हुई है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डोंगरचिखली (वार्ड नंबर 1) निवासी फिजा अली (24 वर्ष, पति शेख शरीफ) ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके जेठ शेख सलीम (पिता शेख राशिद, उम्र 38 वर्ष) ने उसकी 18 महीने की मासूम बेटी के साथ गलत काम किया है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया।
पति ने कहा- ‘मेरी पत्नी झूठी रिपोर्ट कर रही है’
इस हाई-प्रोफाइल मामले में ट्विस्ट तब आया जब पीड़िता बच्ची के पिता शेख शरीफ ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित सूचना दी। पति का कहना है कि उसकी पत्नी द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह से झूठे और मनगढ़ंत हैं।
जनचर्चा और पारिवारिक विवाद की आशंका:
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा जोरों पर है कि आरोपी (ताऊ) को किसी पुरानी पारिवारिक रंजिश या आपसी विवाद के चलते झूठे केस में फंसाने की नीयत से यह रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मेडिकल रिपोर्ट में नहीं हुई पुष्टि
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत बच्ची का मेडिकल कराया। सूत्र बताते हैं कि डॉक्टरों की शुरुआती जांच और मेडिकल रिपोर्ट में मासूम के साथ किसी भी तरह के दुराचार या गलत हरकत की पुष्टि नहीं हुई है।
इससे मामला पूरी तरह संदिग्ध नजर आ रहा है।
थाना प्रभारी का कथन
ईश्वरी पटले, थाना प्रभारी, परासिया ने कहा है कि, महिला की शिकायत पर संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। बच्ची का मेडिकल कराया गया है, जिसमें दुराचार की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं बच्ची के पिता ने भी अपनी पत्नी की रिपोर्ट को झूठा बताते हुए आवेदन दिया है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, जांच के बाद ही आगे की उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
