जनवरी में शुरू हुआ निर्माण, मई आते-आते खुल गई पोल
दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी – सिवनी जिले की जनपद पंचायत कुरई अंतर्गत ग्राम पंचायत आमगांव के ग्राम खैरलांजी में अमृत सरोवर योजना के तहत लगभग 24 लाख रुपए की लागत से बनाए गए स्नान घाट में महज दो महीने के भीतर बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। घाट की हालत देखकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दरारें छुपाने की कोशिश भी नाकाम
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया। घाट में आई चौड़ी दरारों को छुपाने के लिए ऊपर से मरम्मत और पुताई की गई, लेकिन कुछ ही दिनों में दरारें फिर बाहर उभर आईं। कई स्थानों पर घाट के किनारे टूटकर झड़ने लगे हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता साफ दिखाई दे रही है।
पानी की सिंचाई नहीं, गुणवत्ता पर भी सवाल
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण के दौरान पर्याप्त पानी की सिंचाई (क्योरिंग) नहीं की गई। साथ ही सामग्री का उपयोग भी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि जल्दबाजी और लापरवाही में काम किया गया, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है।
“अगली बारिश में और टूटेगा घाट”
निर्माण कार्य से जुड़े जानकारों का कहना है कि जिस तरीके से घाट तैयार किया गया है, अगली बरसात के बाद इसकी स्थिति और खराब हो सकती है। कई हिस्सों में और बड़ी दरारें आने तथा निर्माण टूटने की आशंका जताई जा रही है।
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला पंचायत सिवनी, जनपद पंचायत कुरई एवं कलेक्टर सिवनी से पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि दोषियों पर कार्रवाई कर भ्रष्टाचार में बर्बाद हुई राशि की वसूली की जाए तथा गुणवत्तापूर्ण नया घाट निर्माण कराया जाए।
