मध्यप्रदेश शासन मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला। जिले के ब्लॉक मुख्यालय मोहगांव में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था, अघोषित कटौती और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव किशोर अग्रवाल के नेतृत्व में बड चौराहा मोहगाँव में 25 मई सोमवार को धरना प्रदर्शन कर विद्युत कार्यालय मोहगांव का घेराव किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीणजन शामिल कार्यक्रम में जिन्होंने जनता की समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग पर जमकर निशाना साधा।
भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर दिखाई दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोहगांव विद्युत कार्यालय पहुंचकर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में घंटों बिजली गुल रहती है, जिससे आम जनता, किसान, व्यापारी और छात्र सभी परेशान हैं। गांवों में लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या भी लगातार बनी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान बिछिया विधायक के विधायक प्रतिनिधि नेतराम साहू ने कहा कि सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं और विभाग शिकायतों के बाद भी गंभीरता नहीं दिखा रहा। उन्होंने कहा कि किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे, छोटे व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई तक बाधित हो रही है।
कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए, खराब ट्रांसफार्मर जल्द बदले जाएं और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
घेराव कार्यक्रम के दौरान कार्यालय परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं विभागीय अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों बिजली संकट गहराया हुआ है। लगातार हो रही कटौती और तकनीकी समस्याओं से लोग परेशान हैं। ऐसे में कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। अब देखना होगा कि विभाग लोगों की समस्याओं का समाधान कब तक कर पाता है।
विधुत कार्यालय में पुलिस बल रहा तैनात
कांग्रेस के द्वारा धरना प्रदर्शन व विधुत कार्यालय का घेराव कार्यक्रम को देखते हुए मोहगाँव थाना प्रभारी वेदराम हनोते ने अपनी पूरी स्टाफ के साथ तैनात रहा बता दें कि इस समय विधुत विभाग द्वारा मनमानी विधुत कटौती से आमजन भारी आक्रोशित है। पुलिस बल मौजूदगी में धरना प्रदर्शन व विधुत विभाग का घेराव शांति पूर्वक रहा।
मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस के द्वारा मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के नाम नायब तहसीलदार मोहगाँव के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया है, ज्ञापन में कहा गया है कि विधुत विभाग की बिगडती व्यवस्था को सुधार करावें,क्योंकि इस भीषण गर्मी में विधुत विभाग द्वारा जमकर विधुत कटौती की जा रही जिससे आमजनों को भारी परेशानियों का दंश झेलना पड रहा है, नायब तहसीलदार ने ज्ञापन को शीघ्र ही शासन तक कार्यवाही हेतु भेजने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिला कांग्रेस महासचिव किशोर अग्रवाल, बिछिया विधायक प्रतिनिधि नेतराम साहू, जनसमस्या प्रकोष्ठ कांग्रेस जिला अध्यक्ष हसीब खान,ब्लाक युवा कांग्रेस अध्यक्ष जयपाल मार्को, पूर्व मंडलम अध्यक्ष प्रकाश पदम, सरपंच गुडडी बाई भारतीया, जनपद सदस्य प्रेमलता उइके, जनपद गोंदिया परते, जाकिर हुसैन, लंकेश मरावी, रामनौमी केराम, अरुण बैरागी,राम लाल कोर्चे,महेंद्र धुर्वे, फग्गन मरावी, सरजू परते , दादू लाल आर्मो,रज्जु भारतीया, कांता धुर्वे,जिला मीडिया प्रभारी किशन टांडिया सहित अन्य कांग्रेसी व आमजन भारी संख्या में उपस्थित रहे।
