दैनिक रेवाँचल टाईम्स – पनागर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड पनागर जिला जबलपुर के तत्वावधान में गंगा दशहरा उत्सव के अवसर पर जल स्रोत पूजन एवं गंगा कलश यात्रा का आयोजन नगर के बलेहा तालाब में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भगतसिंह वार्ड एवं आजाद वार्ड की नगर विकास प्रस्फुटन समितियों द्वारा किया गया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुकेश वंशकार पार्षद भगतसिंह वार्ड, घनश्याम रायपुरिया जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जबलपुर एवं भारत महरोलिया विकासखंड समन्वयक पनागर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बलेहा तालाब में विधिवत पूजन-अर्चन से हुई, जिसके बाद कलशों में जल भरकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा नगर भ्रमण करते हुए शिव मंदिर पहुंची, जहां जलाभिषेक किया गया। इसके पश्चात जल संवाद कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित नागरिकों को जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन के प्रति जागरूक किया गया।इस अवसर पर पार्षद मुकेश वंशकार ने कहा कि गंगा दशहरा उत्सव एवं जल स्रोत पूजन जैसे आयोजनों के माध्यम से जल संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत नगर के तालाब में स्वच्छता कार्य भी कराया गया, जो सराहनीय पहल है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी उपस्थित जनों को जल संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ भी दिलाई।जिला समन्वयक घनश्याम रायपुरिया ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए गंगा दशहरा उत्सव एवं जल स्रोत पूजन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं कार्यक्रम के पश्चात नगर प्रस्फुटन समिति द्वारा तालाब किनारे पूर्व में लगाए गए पौधों एवं सूचना बोर्ड का अवलोकन भी किया गया।कार्यक्रम का संचालन भारत महरोलिया विकासखंड समन्वयक पनागर द्वारा किया गया।
आयोजन में धर्मेंद्र कुशवाहा नवांकुर संस्था सेक्टर प्रभारी, ओमकार दाहिया, प्रमोद रजक, बद्री प्रसाद कोरी, विजय रजक, विमलेश रजक, सुलोचना रजक सहित नगर प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
