दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। जिले में किसानों की समस्याओं, गेहूं खरीदी में अव्यवस्था और कृषि विभाग में कथित भ्रष्टाचार को लेकर शुक्रवार को किसान कांग्रेस का गुस्सा खुलकर सड़कों पर दिखाई दिया। जिला मुख्यालय स्थित कृषि विभाग कार्यालय के सामने किसान कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार और कृषि विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने उप संचालक कृषि अश्विनी झारिया को तत्काल जिले से हटाने की मांग करते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पुतला दहन भी किया। किसान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर किसानों की अनदेखी करने और भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए।
वही किसान कांग्रेस नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और भी व्यापक और उग्र होगा।
भ्रष्ट अधिकारियों को बचा रही सरकार
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह ठाकुर ने उप संचालक कृषि अश्वनी झारिया पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि श्री झारिया पहले भी बीज घोटाले के मामले में निलंबित हो चुके हैं और उनके खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में एफआईआर दर्ज है। इसके बावजूद उन्हें मंडला जैसे कृषि प्रधान जिले में पदस्थ किया जाना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि विभाग में करीब 14 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले से जुड़े आरोपों के बावजूद अधिकारी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। श्री ठाकुर ने कहा कि यह केवल किसानों के साथ अन्याय नहीं बल्कि सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार का खुला उदाहरण है। किसानों को न्याय दिलाने के बजाय सरकार ऐसे अधिकारियों को संरक्षण देने में लगी हुई है। यही वजह है कि किसानों में भारी आक्रोश है। किसान कांग्रेस यह भी दावा किया कि स्थानीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सहित भाजपा के कई नेताओं ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अश्विनी झारिया को हटाने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे यह संदेश जा रहा है कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में गंभीर नहीं है।
गेहूं खरीदी व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिले में चल रही गेहूं खरीदी व्यवस्था को पूरी तरह अव्यवस्थित बताया। किसानों का कहना था कि सरकार ने खरीदी की अंतिम तिथि तो बढ़ा दी, लेकिन जमीनी स्तर पर स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था ठप पड़ी हुई है। किसानों ने आरोप लगाया कि हजारों किसान अपनी उपज बेचने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। ऑनलाइन स्लॉट बुक नहीं होने से किसानों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। कई किसान कई दिनों से सोसायटियों और खरीदी केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें तारीख नहीं मिल रही। किसान कांग्रेस के अनुसार जिले में करीब 10 हजार किसान ऐसे हैं जो अभी तक अपनी उपज नहीं बेच पाए हैं। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक तरफ सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ किसान अपनी मेहनत की फसल बेचने तक के लिए परेशान हैं।
कई किसानों ने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था, दलाली और तकनीकी गड़बड़ियों के कारण छोटे किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
खाद संकट और नकली बीज का मुद्दा भी गरमाया
प्रदर्शन केवल गेहूं खरीदी तक सीमित नहीं रहा। किसान कांग्रेस ने जिले में यूरिया और डीएपी खाद की कमी का मुद्दा भी जोरशोर से उठाया। किसानों का कहना था कि खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं हो रही, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। कई किसानों ने आरोप लगाया कि बाजार में नकली बीज और नकली खाद खुलेआम बेची जा रही है, लेकिन कृषि विभाग कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बना हुआ है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नकली बीज और खाद के कारण किसानों की फसल खराब हो रही है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने में गंभीर नजर नहीं आते। किसान कांग्रेस ने सरकार से मांग की कि जिले में नकली खाद और बीज बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज समय पर उपलब्ध कराया जाए।
यह केवल शुरुआत है : बिछिया विधायक
वही बिछिया विधायक ने भी राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। उन्होंने कहा कि किसान महीनों से परेशान हैं लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। किसानों को खाद नहीं मिल रही, खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था है, नकली बीज बेचे जा रहे हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है। विधायक पट्टा ने चेतावनी देते हुए कहा कि फिलहाल यह केवल सांकेतिक प्रदर्शन है। यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया तो किसान कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी पूरे जिले में बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि किसान अब चुप बैठने वाला नहीं है और अपनी लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगा।
प्रशासन पर निष्क्रियता के आरोप
प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि लगातार शिकायतों के बावजूद प्रशासन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा। किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार ज्ञापन देने और शिकायत करने के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। इससे किसानों में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं। यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो हालात और बिगड़ सकते हैं। किसान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए। किसानों का कहना था कि हर बार आंदोलन के बाद अधिकारी जांच और कार्रवाई का भरोसा देकर मामला शांत कराने की कोशिश करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ नहीं बदलता।
कई किसानों ने कहा कि खेती पहले ही घाटे का सौदा बन चुकी है। ऊपर से खाद, बीज, सिंचाई और खरीदी जैसी समस्याओं ने किसानों की कमर तोड़ दी है। ऐसे में यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए तो किसान आंदोलन और तेज होगा।
भारी संख्या में जुटे किसान और कार्यकर्ता
कृषि विभाग कार्यालय के सामने हुए प्रदर्शन में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक नारेबाजी होती रही। किसानों ने हाथों में तख्तियां लेकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की। किसान कांग्रेस द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों और किसानों के बढ़ते आक्रोश के बाद अब सभी की नजर प्रशासन और सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिन अधिकारियों पर पहले से गंभीर आरोप लगे हैं, उनके खिलाफ आखिर कार्रवाई अब तक नहीं की गई। मंडला में किसानों का गुस्सा साफ संकेत दे रहा है कि यदि समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में जिले की राजनीति और सड़कों पर संघर्ष और तेज हो सकता है।
वही लगातार दैनिक रेवांचल टाईम्स समाचार पत्र में प्रमुखता से किसानों और किसानों की योजनाओं में हुए भ्रष्टाचार ग़बन घोटाले की समाचार लगातार प्रकाशित कर किसानो और युवाओं जनप्रतिनिधियों को आज सड़कों में उतने और विभाग के खिलाफ आवाज़ उड़ाने को सड़कों में आ गए है पर अब देखना बाकी है कि आखिरकार कब जिला प्रशासन और सरकार जागेगी और भ्रस्टो पर कार्यवाही होगी।
