गंगा दशहरा पर कलेक्टर ने थामी झाड़ू -माहिष्मती घाट से दिया स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश

Revanchal
3 Min Read


दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार सुबह मंडला में आस्था और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिला। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे स्वयं झाड़ू लेकर माहिष्मती घाट पहुंचे और श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में उन्होंने घाट परिसर की साफ-सफाई करते हुए कूड़ा उठाया तथा उपस्थित लोगों को मां नर्मदा की स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।


गौरतलब है कि जिलेभर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत घाटों, तालाबों और अन्य जल संरचनाओं की लगातार साफ-सफाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि पूजा सामग्री एवं निर्माल्य नदी में प्रवाहित न करें, बल्कि निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें।


घाट पर हर 20 कदम पर लगेंगे कूड़ादान
सफाई अभियान के बाद कलेक्टर श्री धोटे ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी गजानन नाफड़े को निर्देश दिए कि माहिष्मती घाट पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखे जाएं, ताकि श्रद्धालु कचरा एवं पूजा सामग्री नदी में न डालें।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक 20 से 25 कदम की दूरी पर कूड़ादान लगाए जाएं। साथ ही घाट परिसर में स्वच्छता संबंधी साइन बोर्ड लगाए जाएं और नियमित अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक किया जाए, जिससे व्यवहार परिवर्तन की दिशा में सकारात्मक पहल हो सके।


1 जून से योग के साथ होगी घाट की नियमित सफाई
कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने नमामि नर्मदे महाआरती ट्रस्ट की पदेन अध्यक्ष से चर्चा करते हुए कहा कि 1 जून से घाट पर प्रारंभ होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिदिन की सफाई गतिविधियों को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।


उन्होंने कहा कि 21 दिनों तक चलने वाले योग सत्र का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
“योग से तन स्वस्थ रहता है और स्वच्छता से मन निर्मल होता है।”
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा,
“मां नर्मदा हमारी जीवनदायिनी हैं। उनकी स्वच्छता और संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि हम प्रतिदिन केवल 10 मिनट भी घाट की सफाई के लिए दें, तो नर्मदा कभी मैली नहीं होगी।”


इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर संस्कार बावरिया, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास रोहित बड़कुल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी गजानन नाफड़े सहित नगर पालिका एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »