बीहरपुरवा हादसे के पीड़ित परिवारों से मिलीं कलेक्टर ऊषा परमार, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

Revanchal
2 Min Read

पन्ना जिले के अजयगढ़ ब्लॉक अंतर्गत बीहरपुरवा गांव में कुएं की मिट्टी धसकने से हुए दर्दनाक हादसे के बाद जिला कलेक्टर ऊषा परमार ने घटनास्थल पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। कलेक्टर ने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।


मंगलवार को हुए इस दुखद हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में आशीष यादव, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, चुन्नू यादव एवं चुनवाद पाल शामिल हैं। जानकारी के अनुसार मनरेगा योजना के तहत सार्वजनिक सिंचाई कूप के निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुएं की मिट्टी अचानक धसक गई, जिससे मजदूर उसकी चपेट में आ गए और बड़ा हादसा हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। जिला कलेक्टर ऊषा परमार ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश भी दिए।


इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित सहायता एवं सुरक्षा मानकों के पालन की मांग की है। मनरेगा कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »