बरेला की नागा घाटी में भीषण सड़क हादसा: अर्टिगा-ट्रॉला की टक्कर में 1 की मौत, 5 घायल

Revanchal
3 Min Read


सगाई की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, सीधी लौट रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


दैनिक रेवांचल टाइम्स – जबलपुर।
दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात हो चुकी बरेला थाना क्षेत्र की नागा घाटी में रविवार को एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शारदा मंदिर नागा घाटी स्थित मंगलायतन कॉलेज के सामने मंडला-जबलपुर मार्ग पर अर्टिगा कार और ट्रॉला के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्टिगा वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जो रायपुर से एक पारिवारिक सगाई समारोह में शामिल होकर अपने गृह जिला सीधी लौट रहे थे। नागा घाटी के पास पहुंचते ही वाहन की ट्रॉला से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि अर्टिगा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों की चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार हादसे में राजेश शर्मा निवासी सीधी की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। वाहन के पिछले हिस्से में बैठा एक व्यक्ति चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया।


घटना की सूचना मिलते ही बरेला पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।


नागा घाटी फिर बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि नागा घाटी क्षेत्र लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र बना हुआ है। यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं, लेकिन सुरक्षा उपायों और यातायात नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इस ताजा हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


सगाई की खुशियां मातम में बदलीं
जिस परिवार में कुछ घंटे पहले तक सगाई की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी परिवार पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। घर लौटते समय हुए इस हादसे ने पूरे परिवार और क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

👁️ 1,283 views Views
Share This Article
Translate »