रेवांचल टाइम्स पन्ना शाहनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर में यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शुभम रजक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार लोधी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई। इस दौरान कांग्रेस जिला सचिव केदार लखेरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शाहनगर क्षेत्र में संचालित कथित अवैध क्लीनिकों, उप स्वास्थ्य केंद्रों की अव्यवस्थाओं तथा मेडिकल संस्थानों की निगरानी और जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति लगातार खराब हो रही है, जिससे आमजन परेशान हैं।
ज्ञापन के मुख्य बिंदुओं में अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई, मेडिकल स्टोर्स में एक्सपायरी दवाइयों की जांच, मेडिकल लैब में मानकों और कर्मचारियों की पात्रता की जांच तथा उप स्वास्थ्य केंद्रों में सीएचओ की लगातार अनुपस्थिति की शिकायत शामिल रही।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की कि सभी मामलों की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
वहीं कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिवस के भीतर जांच और कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस द्वारा बड़ा आंदोलन एवं आमरण अनशन किया जाएगा।
