छिंदवाड़ा में RSS के ‘संघ शिक्षा वर्ग’ का भव्य समापन, राष्ट्र सेवा और अनुशासन का दिखा अनूठा संगम

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स छिंदवाडा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महाकौशल प्रांत द्वारा आयोजित ‘संघ शिक्षा वर्ग सामान्य विद्यार्थी एवं व्यवसायी’ का रविवार को लिंगा ग्राम में भव्य समापन हुआ। संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत यह विशेष प्रशिक्षण वर्ग 16 मई से लिंगा बायपास रोड स्थित ‘श्री माता निर्मला देवी आश्रम’ में आयोजित किया गया था, जहाँ महाकौशल प्रांत के सैकड़ों स्वयंसेवक पिछले 15 दिनों से कड़े अनुशासन और राष्ट्र सेवा की साधना में लीन थे।


​डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना का मिला मुख्य पाथेय
​शाम 5:30 बजे से शुरू हुए इस भव्य समारोप कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मध्य क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना उपस्थित रहे। अपने मुख्य उद्बोधन में उन्होंने स्वयंसेवकों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और देश सेवा के प्रति समर्पित रहने का पाथेय दिया।


​प्रतिष्ठित हस्तियाँ रहीं मौजूद
​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिम्स छिंदवाड़ा के शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह एवं नगर के प्रतिष्ठित उद्योगपति संजीव कुमार पाटनी (गुल्लू भैया) मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग संघचालक भजनलाल चोपड़े, सर्वाधिकारी (विद्यार्थी) अरुण सैयाम एवं सर्वाधिकारी (व्यवसायी) मनोज जैन ने की।


​आत्मरक्षा के प्रदर्शन और ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी ने मोहा मन
​समापन अवसर पर आयोजन स्थल को बेहद खूबसूरती से सजाया गया था। यहाँ संघ के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका को दर्शाती विभिन्न ज्ञानवर्धक प्रदर्शनियाँ लगाई गई थीं, जो आगंतुकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं।


​कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने वर्ग के दौरान सीखे गए कड़े अनुशासन, शारीरिक योग और आत्मरक्षा के हैरतअंगेज अभ्यासों का शानदार प्रदर्शन किया। स्वयंसेवकों के इस अनूठे अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के जज्बे को देखकर वहाँ मौजूद हर कोई मंत्रमुग्ध नजर आया।

👁️ 110 views Views
Share This Article
Translate »