कृषि आदानों की उपलब्धता और गुणवत्ता की हुई समीक्षा, अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश

Revanchal
4 Min Read

रेवांचल टाइम्स बीजाडांडी मंडला खरीफ सीजन की तैयारियों को देखते हुए कृषि विभाग ने खाद, बीज एवं कीटनाशकों की उपलब्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी कृषि अरविंद वर्मा एवं कृषि विभाग अधिकारी संगीता श्रीवास्तव द्वारा नगर के समस्त खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं तथा कृषि विस्तार अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर कृषि आदानों की उपलब्धता, गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।


बैठक में आगामी वर्षा ऋतु आधारित फसलों की बुवाई को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित दरों पर ही कृषि आदान उपलब्ध कराए जाएं तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव या अधिक मूल्य वसूली की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।


बैठक के दौरान अधिकारियों ने कृषि आदान विक्रेताओं को शासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों और प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विक्रेता अपने प्रतिष्ठान में उपलब्ध स्टॉक का नियमित रिकॉर्ड संधारित करे तथा विक्रय संबंधी सभी अभिलेख अद्यतन रखे। किसानों को प्रत्येक खरीद पर अनिवार्य रूप से बिल उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या या शिकायत की स्थिति में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रहें।


बैठक के उपरांत अधिकारियों द्वारा नगर के विभिन्न खाद, बीज एवं कीटनाशक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, विक्रय पंजी, लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। अधिकारियों ने विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता, नियमों का उल्लंघन अथवा किसानों के हितों के विरुद्ध कार्य पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अनुविभागीय अधिकारी कृषि अरविंद वर्मा ने कहा कि कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। इसके लिए कृषि विस्तार अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा क्षेत्र में लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर तत्काल कृषि विभाग को अवगत कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।


कृषि विभाग अधिकारी संगीता श्रीवास्तव ने कृषि विस्तार अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों के चयन, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा फसल सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करें। साथ ही खरीफ फसलों की तैयारी के लिए किसानों को जागरूक करने के प्रयास तेज किए जाएं।


निरीक्षण एवं क्षेत्र भ्रमण के दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किसानों के नलकूपों का मूल्यांकन भी किया गया। अधिकारियों ने लाभार्थी किसानों से चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया तथा उपलब्ध सुविधाओं के उपयोग और प्रभाव का आकलन किया। इस दौरान किसानों को शासन की विभिन्न कृषि हितैषी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।


कृषि विभाग द्वारा की गई यह समीक्षा और निरीक्षण कार्रवाई खरीफ सीजन के पूर्व कृषि व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई करता रहेगा, ताकि जिले में कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »