कब चलेगी पेंचवेली एक्सप्रेस, मंडला की जनता को इंतजार, जिम्मेदार नहीं कर रहे प्रयास

Revanchal
3 Min Read

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला। मंडला फोर्ट से पेंचवैली एक्सप्रेस के संचालन और अन्य रेल सुविधाओं की मांग को लेकर जिले में एक बार फिर जनभावनाएं उफान पर हैं। राष्ट्रीय रेलवे संघर्ष समिति और जिले के नागरिकों ने सवाल उठाया है कि वर्षों से लंबित रेल मांगों पर आखिर निर्णय कब होगा और मंडला की जनता को बेहतर रेल सुविधाओं के लिए कितना और इंतजार करना पड़ेगा।


सोशल मीडिया पर इन दिनों पेंचवैली एक्सप्रेस को लेकर चर्चाएं तेज हैं। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय रेल सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद यह मुद्दा ठंडे बस्ते में चला जाता है। नागरिकों का मानना है कि यदि जनप्रतिनिधियों की ओर से गंभीर प्रयास किए जाते, तो आज पेंचवैली एक्सप्रेस मंडला से संचालित हो रही होती।


जनता की खामोशी पर भी उठे सवाल
रेलवे संघर्ष समिति ने नेताओं के साथ-साथ आम नागरिकों की निष्क्रियता पर भी चिंता जताई है। समिति का कहना है कि सोशल मीडिया समूह में सैकड़ों लोग जुड़े हैं, लेकिन बैठकों और जनसंपर्क अभियानों में सीमित संख्या में ही लोग भाग लेते हैं। समिति का मानना है कि यदि बड़ी संख्या में लोग एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें, तो मंडला की रेल मांगों को मजबूती मिल सकती है।


रेल सुविधा नहीं, जिले के विकास का प्रश्न
समिति का कहना है कि रेल किसी पार्टी या व्यक्ति का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे जिले के विकास का आधार है। बेहतर रेल संपर्क से रोजगार, व्यापार, पर्यटन और शिक्षा के नए अवसर पैदा होंगे तथा मंडला की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।


वर्षों से लंबित हैं ये प्रमुख मांगें
रेलवे संघर्ष समिति ने एक बार फिर अपनी प्रमुख मांगों को दोहराया है, जिनमें—
मंडला फोर्ट से पेंचवैली एक्सप्रेस का शीघ्र संचालन।
जबलपुर-मंडला ट्रेन का यात्रा समय कम किया जाए।
मंडला-भोपाल रात्रिकालीन ट्रेन शुरू की जाए।
मंडला-नागपुर रात्रिकालीन ट्रेन का संचालन प्रारंभ किया जाए।
इतवारी-नागपुर से बालाघाट तक चल रही मेमू ट्रेन को मंडला तक विस्तारित किया जाए।
समिति का कहना है कि मंडला जिले की वर्षों पुरानी रेल मांगों पर अब ठोस निर्णय का समय आ गया है। सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से इस जनहित अभियान में सहयोग की अपील की गई है।
समिति ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा—
“रेल चले सभी दिशाओं में, मंडला फोर्ट से।”
“मजबूत रेल व्यवस्था, विकसित मंडला।”
जिले में बढ़ती जनभावनाओं के बीच अब हर नागरिक के मन में एक ही सवाल है—मंडला को पेंचवैली एक्सप्रेस, नागपुर और भोपाल के लिए सीधी रेल सुविधा का आखिर इंतजार कब तक करना पड़ेगा?

👁️ 47 views Views
Share This Article
Translate »