बजाग। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बजाग की महत्वपूर्ण बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक ओमकार मरकाम तथा विधानसभा प्रभारी झल्लेलाल जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। परंपरानुसार विधायक ओमकार मरकाम ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का सूत की माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
बैठक को वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपचंद पूशाम एवं बलिराम पड़िया ने संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी झल्लेलाल जैन ने कहा कि कांग्रेस संगठन को ग्राम स्तर तक मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस से जोड़ते हुए मंडल, सेक्टर एवं ग्राम समितियों का गठन अनिवार्य रूप से किया जाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक का प्रमुख आकर्षण ब्लॉक अंतर्गत मंडल अध्यक्षों की घोषणा रही। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बजाग के अध्यक्ष लोकेश पटेरिया ने विधायक ओमकार मरकाम के निर्देश, जिला प्रभारी फुन्देलाल मार्को तथा विधानसभा प्रभारी झल्लेलाल जैन के अनुमोदन उपरांत तीनों मंडलों के अध्यक्षों की घोषणा की।
इसके तहत बजाग मंडल से रघुवेंद्र अंकित ठाकुर, चांड़ा मंडल से डिगमत पदम तथा सरवाही मंडल से मुकेश यादव को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि बजाग क्षेत्र हमेशा से संगठन को दिशा देने वाला क्षेत्र रहा है। यहां के कार्यकर्ताओं ने समय-समय पर यह साबित किया है कि मजबूत संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि आगामी समय में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाएं तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस की नवीन कार्यकारिणी एवं अनुशासन समिति के गठन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही नई कार्यकारिणी एवं अनुशासन समिति का गठन कर इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, मंडल एवं सेक्टर स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
