मेधावी छात्रा ग्रेष्मी बघेल को आगे की पढ़ाई के लिए मिलेगी स्कॉलरशिप, बेंगलुरु और श्रीहरिकोटा में वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर लौटे छात्र
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘विज्ञान मंथन यात्रा’ में इस बार स्थानीय बालाजी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच का लोहा मनवाते हुए जिले का नाम रोशन किया है। इस यात्रा के लिए पूरे जिले से कुल 11 विद्यार्थियों का चयन हुआ था, जिसमें से रिकॉर्ड 6 विद्यार्थी अकेले बालाजी पब्लिक स्कूल के हैं।
इस वैज्ञानिक सफर की सबसे बड़ी उपलब्धि विद्यालय की होनहार छात्रा ग्रेष्मी बघेल को मिली है, जिन्हें उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आगे की उच्च शिक्षा हेतु विशेष स्कॉलरशिप के लिए चुना गया है।
देश के शीर्ष रिसर्च सेंटर्स का किया भ्रमण
यह यात्रा कोई आम सफर नहीं, बल्कि देश के भविष्य के वैज्ञानिकों को गढ़ने वाला एक अनूठा शैक्षणिक कार्यक्रम है। यात्रा के दौरान चयनित विद्यार्थियों—अनन्या शर्मा, हर्षिता राय, अयान मंसूरी, ग्रेष्मी बघेल, डिम्पल परते एवं ग़ज़ल डेहरिया ने बेंगलुरु, चेन्नई और इसरो के मुख्य केंद्र श्रीहरिकोटा जैसे देश के सबसे प्रसिद्ध विज्ञान एवं शोध संस्थानों का भ्रमण किया।
विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं, स्पेस रिसर्च सेंटर्स और आधुनिक तकनीकों को बेहद करीब से देखने का अवसर मिला। इस दौरान छात्रों ने न सिर्फ नई तकनीकों को समझा, बल्कि देश के वरिष्ठ वैज्ञानिकों से सीधे बातचीत कर उनका मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और सीखने के साथ-साथ नोट्स तैयार करना रहा।
मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग की रही मुख्य भूमिका
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की कड़ी मेहनत रही। यह पूरी यात्रा विद्यालय की प्राचार्या श्रीमति बी. अनुराधा नायडू के समुचित निर्देशन, एसोसिएट डायरेक्टर बी. अभिषेक नायडू एवं बी. आदर्श नायडू के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यात्रा के दौरान विज्ञान शिक्षक श्री अमित मालवी ने विद्यार्थियों को लगातार गाइड किया, जबकि कपिल जोशी ने बेहतरीन तकनीकी सहयोग प्रदान किया। इस सफलता में अन्य शिक्षकों और अभिभावकों की भी सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।
स्कूल में हुआ सम्मान, हर तरफ से मिल रही बधाई
सफलतापूर्वक यात्रा पूरी कर लौटे इन ‘बाल वैज्ञानिकों’ को विद्यालय परिवार द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस बड़ी उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और वैज्ञानिक भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमति बी. अनुराधा नायडू का कहना है कि,
हमारा उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी वैज्ञानिक जिज्ञासा को पंख देना है। हमारे 6 बच्चों का चयन और ग्रेष्मी को स्कॉलरशिप मिलना पूरे नगर के लिए गौरव की बात है।
