अज्ञात कारणों से कच्चे मकान में लगी भीषण आग, नगद 98 हजार सहित गृहस्थी का सामान जलकर राख

Revanchal
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स पन्ना

अजयगढ़। क्षेत्र के ग्राम बगहा में सोमवार दोपहर एक कच्चे मकान में अचानक भीषण आग लगने से नगद 98 हजार रुपये सहित खाद्यान्न और गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।


जानकारी के अनुसार गांव निवासी टंटू पटेल के कच्चे मकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। जब तक परिवार के सदस्य और ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
आग की चपेट में आने से घर में रखे 98 हजार रुपये नगद, कई क्विंटल खाद्यान्न, कपड़े, बिस्तर, बर्तन एवं अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा मकान खाक हो गया।


ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड का वाहन करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचा। उनका कहना है कि यदि दमकल वाहन समय पर पहुंच जाता तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए गांव के कुओं और खेतों में लगी मोटरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग को भी दी गई। अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा पंचनामा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी परिवार को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में दमकल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की मांग उठाई है।


फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है। यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता और फायर ब्रिगेड की त्वरित पहुंच को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

👁️ 4 views Views
Share This Article
Translate »