मोहल्ले में उत्पात मचाने वाले 4 अन्य गुंडे भी दबोचे
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जिला पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध गतिविधियों और शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर एक शातिर अपराधी को भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही कुकड़ाजगत इलाके में आतंक और उत्पात मचाने वाले चार अन्य असामाजिक तत्वों को भी दबोचकर सलाखों के पीछे भेजा गया है।
झाड़ियों में ग्राहक का इंतजार कर रहा था ‘चाऊ’, घेराबंदी कर दबोचा
जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 को देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोहरली आम रोड पर मंदिर के पास झाड़ियों में एक संदिग्ध युवक भारी मात्रा में शराब लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।
आरोपी का नाम: यश उर्फ चाऊ (23 वर्ष), पिता रूपप्रसाद शर्मा, निवासी- टीवी टावर के पास, कुकड़ाजगत।
जप्ती: आरोपी के पास से 15-15 लीटर की 4 प्लास्टिक कुप्पियों में कुल 60 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 6,000 रुपये है।
पुलिस ने शराब जप्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 345/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
तैयार हो रही ‘जिला बदर’ की फाइल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ‘चाऊ’ एक आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ कुण्डीपुरा, कोतवाली और परासिया थानों में मारपीट व अन्य गंभीर प्रकृति के कुल 11 अपराध लंबित हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए देहात पुलिस अब इसके खिलाफ ‘जिला बदर’ की कार्रवाई की फाइल तैयार कर रही है।
मोहल्ले में हुड़दंग मचाने वाले ‘सन्नाटा’ और उसके साथी भी गिरफ्तार
कुकड़ाजगत क्षेत्र में कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा लगातार उत्पात मचाने और शांति भंग करने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर देहात थाना प्रभारी ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ दबिश दी और मोहल्ले में खौफ पैदा करने वाले 4 अनावेदकों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए हुड़दंगियों के नाम सोहेल उर्फ सन्नाटा पिता प्यारे मोहम्मद 21 वर्ष, निवासी कुकड़ाजगत, आयुष उर्फ वासू पिता सुरेश मर्सकोले 24 वर्ष, निवासी झुरे, हाल शिक्षक कॉलोनी,
नीरज उर्फ सचिन पिता गौरीशंकर 25 वर्ष, निवासी चंदनगांव,राकेश पिता लक्ष्मण बेलवंशी (l23 वर्ष, निवासी कुकड़ाजगत,
पुलिस ने इन चारों के विरुद्ध धारा 170 BNSS के तहत इस्तगाशा तैयार कर माननीय तहसीलदार न्यायालय में पेश किया है। बताया जा रहा है कि ये सभी आरोपी लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और छिंदवाड़ा जिले के विभिन्न थानों में इनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।
सराहनीय भूमिका में देख जांबाज
इस पूरी प्रभावी और त्वरित कार्रवाई में थाना देहात के निरीक्षक जी. एस. राजपूत थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक हर्ष नागले, सहायक उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, सउनि सुरेन्द्र यादव, प्रधान आरक्षक संजय उईके, मंगल तेकाम, आरक्षक सौरभ, शैलेन्द्र सिंह, सीताराम और तरुण की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की चेतावनी क्षेत्र में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और अवैध नशे का कारोबार करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
