बजाग – कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बजाग सचिन अग्रवाल के मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड बजाग में तीन दिवसीय विशाल जन कल्याण शिविर का शुभारंभ हुआ। 15 से 17 जून तक चलने वाले इस शिविर का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय बजाग में किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाना है। उद्घाटन अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष फूलकली मरावी, उपाध्यक्ष राधे श्याम कुशराम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र दुबे, मंडल अध्यक्ष सुशील यादव, नीरज मुझवार, शंकर सिंह भदौरिया, चूरामन साहू, लोकेश पटेरिया, सीईओ सचिन अग्रवाल, तहसीलदार भरत सिंह एवं बीआरसी ब्रजभान गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक ने किया हितग्राहियों से संवाद
हजारों की संख्या में मौजूद हितग्राहियों से बातचीत करने विधायक ओमकार मरकाम भी शिविर में पहुंचे। उन्होंने सभी विभागों के पंजीयन काउंटर पर जाकर हितग्राहियों को लाभ दिलाने पर चर्चा की। विधायक मरकाम ने कहा कि इन तीन दिवसों में ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
एक छत के नीचे सभी विभागों के स्टॉल
शिविर में राजस्व, पंचायत, कृषि, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाकर मौजूद रहे। आयुष्मान कार्ड, पेंशन स्वीकृति, किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना, आधार अपडेट, जाति-आय प्रमाण पत्र, बिजली बिल सुधार जैसे कार्यों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
प्रथम दिवस 386 आवेदन निराकृत, कोई लंबित नहीं
शिविर के पहले दिन विभागवार प्राप्त सभी 386 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिसमें जनपद पंचायत के 186 आवेदन, स्वास्थ्य विभाग में 65, जनजातीय कार्य विभाग में 59 आवेदन, आजीविका मिशन में 30 आवेदन, खाद्य विभाग में 19, राजस्व विभाग में 11 आवेदन, महिला एवं बाल विकास विभाग में 10, उद्यान विभाग में चार और पीएचई विभाग में दो आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदन योग्य पाए गए और निराकृत किए गए।
पहले दिन उमड़ी भीड़
पहले दिन ही हजारों की संख्या में हितग्राही शिविर में पहुंचे। ग्रामीणों ने एक ही छत के नीचे कई विभागों की सुविधाएं मिलने पर प्रसन्नता जताई। सीईओ सचिन अग्रवाल ने बताया कि आकांक्षी विकासखंड के तहत बजाग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। तीन दिन तक चलने वाले इस शिविर में अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिविर 17 जून तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा।

