मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्तीकरण के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन

Revanchal
3 Min Read

15 जून को मंडला में भाजपा कार्यालय घेराव एवं पुतला दहन

दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री डॉ. संजय कामले द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिला स्तर पर भाजपा कार्यालयों का घेराव, विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


कांग्रेस का आरोप है कि राज्यसभा चुनाव में लोकतांत्रिक परंपराओं एवं निर्धारित प्रक्रियाओं की अनदेखी करते हुए जिस प्रकार कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त किया गया, उससे लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े हुए हैं। पार्टी का कहना है कि यह घटनाक्रम केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना का भी अपमान है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार आंदोलन की चरणबद्ध रूपरेखा तय की गई है। इसके अंतर्गत 15 जून 2026 को मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस, 16 जून 2026 को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) तथा 17 जून 2026 को मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस जिला स्तर पर भाजपा कार्यालयों का घेराव कर विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन करेगी।


जिला कांग्रेस कमेटी मंडला के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले ने बताया कि लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने तथा जनता की आवाज को दबाने के प्रयासों के विरोध में यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने जिले के समस्त कांग्रेसजनों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है।


जिला कांग्रेस कमेटी मंडला के आह्वान पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती शकुन जंघेला, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) मंडला के जिला अध्यक्ष सौरभ साहू तथा जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष संजू अहिरवार के संयुक्त नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।


कांग्रेस संगठन ने सभी मोर्चा संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के पदाधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेस परिवार के सदस्यों को कार्यक्रम की जानकारी दें तथा अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति सुनिश्चित करें।


कार्यक्रम विवरण
दिनांक: 15 जून 2026 (सोमवार)
समय: सायं 5:00 बजे
स्थान: नेहरू स्मारक चौक, मंडला
निवेदक
डॉ. अशोक मर्सकोले
पूर्व विधायक एवं अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी, मंडला।

👁️ 26 views Views
Share This Article
Translate »