भाजपा जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी में विधायक ओमकार मरकाम ने किया बजाग आईटीआई का लोकार्पण

Revanchal
4 Min Read

छात्रों को दिया नशामुक्ति और समय के सदुपयोग का संदेश

बजाग,- बजाग स्थित नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन का लोकार्पण रविवार को क्षेत्रीय विधायक ओमकार मरकाम ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम को लेकर पिछले कुछ दिनों से शिलालेख में भाजपा नेताओं के नाम शामिल नहीं होने पर राजनीतिक विवाद और असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। भाजपा नेताओं द्वारा कलेक्टर के समक्ष धरना देकर आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद यह चर्चा थी कि कार्यक्रम स्थगित हो सकता है, लेकिन विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और आमंत्रण पत्र भी वितरित किए जा चुके थे।


जानकारी के अनुसार लोकार्पण कार्यक्रम दोपहर 2:45 बजे निर्धारित था, लेकिन शिलालेख में आमंत्रित भाजपा के किसी भी जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे। अंततः क्षेत्रीय विधायक ओमकार मरकाम शाम लगभग 5:30 बजे आईटीआई परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन कर फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राधेश्याम कुशराम, जनपद सदस्य लोकेश पटेरिया, आईटीआई प्राचार्य विजय केशरवानी, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


उल्लेखनीय है कि बजाग में 06 ट्रेड आईटीआई भवन, 60 सीटर बालक छात्रावास, 60 सीटर कन्या छात्रावास, 01 एफ टाइप, 02 एच टाइप एवं 04 आई टाइप आवास गृहों का निर्माण कराया गया है, जिसकी कुल लागत 1431.20 लाख रुपये बताई गई है। शिलालेख में अंकित जानकारी के अनुसार केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को मुख्य अतिथि तथा विधायक ओमकार मरकाम को कार्यक्रम की अध्यक्षता के लिए आमंत्रित किया गया था। इसके अलावा पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते, जनपद अध्यक्ष फूलकली मरावी, जिला पंचायत सदस्य हीरा रुदेश परस्ते, जनपद सदस्य धरम सिंह धुर्वे का नाम भी अंकित हैं। हालांकि इनमें से भाजपा से जुड़े आमंत्रित जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में तकनीकी शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बजाग जैसे आदिवासी एवं ग्रामीण अंचल के युवाओं को अब रोजगारपरक प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह संस्थान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


छात्रों से संवाद करते हुए विधायक ने समय के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग ही व्यक्ति को सफलता के शिखर तक पहुंचाता है। विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा पढ़ाई, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के भविष्य को बर्बाद कर देता है और समाज के विकास में बाधक है।
इस अवसर पर परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अंकित ठाकुर, संगठन मंत्री उत्तम ठाकुर, सचिन नंदा, मानिक मरावी, सुकृत मरावी, पप्पू पांडे, मंगलेश्वर नंदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, छात्र-छात्राएं एवं संस्थान का स्टाफ मौजूद रहा।
राजनीतिक विवाद और प्रशासनिक असमंजस के बीच हुए इस लोकार्पण ने जिले में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से प्रतीक्षित आईटीआई के शुरू होने से बजाग क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के नए अवसर मिलेंगे तथा उन्हें रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा

👁️ 266 views Views
Share This Article
Translate »